गणेश प्रसाद नायक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गणेश प्रसाद नायक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 13 अक्टूबर 2020

यादों में जयप्रकाश

  •  मनोहर नायक 




घर में राजनीतिक माहौल और बहसें थीं। पिता सर्वोदय में थे , पर राजनीति में भी जैसे शामिल थे, अन्य सर्वोदयी लोगों की तरह उससे विरत नहीं थे। यही कारण था कि कम उम्र से ही देश-प्रदेश के नेताओं की बातें और बहसें सुनने का अभ्यास हो गया और उस ओर दिलचस्पी बढ़ी।
बहरहाल, राजनीतिक रूप से जब होश संभाला तब बांग्लादेश बनवाकर इंदिरा गांधी 'दुर्गा’ कही जा रही थीं। ग़रीबी हटाओ नारा लगाकर उन्हें शायद उम्मीद रही हो कि 'लक्ष्मी’ भी कही जाने लगेंगी पर भ्रष्टाचार और लूटतंत्र ने उनके ' देवीत्व ' का हरण कर लिया | जेपी आंदोलन की  तैयारी वाली गहमागहमी शुरू हो गयी थी। माहौल हर दिन हंगामी होता जा रहा था। मुझे पिताजी के सर्वोदय से बाहर न आने पर कोफ़्त थी। जेपी ने अपनी राजनीतिक ख़ामोशी तोड़ दी थी। तभी एक दिन पिता दिल्ली रवाना हो गए, वहां प्रदर्शन-जुलूस निकलना था। वे कई आंदोलनकारियों के साथ एक हफ़्ता-दस दिन तिहाड़ में बंद रहे। यह 1973 के उत्तरार्द्ध का समय है। लौटकर आये तब प्रदेश के राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं की जबलपुर में गोकुलदास की धर्मशाला की पहली मंज़िल के छत पर बैठक हुई , मुंबई  के सर्वोदयी नेता गोविंदराव देशपांडे की देखरेख में, उसमें पिता मध्यप्रदेश संघर्ष समिति के संयोजक चुने गए। हमारा घर ही एक तरह से संघर्ष समिति का दफ़्तर हो गया था और भोपाल में शायद विधायक विश्रामगृह में किसी विधायक का एक कमरा। वैसे आधा दफ़्तर पिताजी के झोले में ही रहता था। इससे मुझे याद आया कि हमारे पिता के समाजवादी मित्र भोला (पाठक) चाचा बताते थे कि जब जबलपुर में समाजवादी पार्टी का सम्मेलन हुआ तो वे महासचिव अशोक मेहता को लेने स्टेशन गए। अशोकजी के साथ कोच से उनका पूरा दफ़्तर ही निकला, टाइपराइटर, साइक्लोस्टाइल मशीन, स्टेशनरी का सामान आदि। ... संघर्ष समिति बन जाने के बाद घर में मिलने वालों का तांता लगा रहता। नियमित  आने और देर तक बैठने वालों में शरद यादव थे। तब डाक दो बार बँटती थी, मेरा काम डाक सामग्री लाना, पोस्ट करना, तार करने जाना, वक्तव्य अख़बारों में पहुँचाना, रिजर्वेशन कराना, ट्रेन में साइड लोअर और बस में खिड़की वाली सीट लेने की हमेशा कोशिश होती, क्योंकि पिताजी को वे ही पसंद थीं |अगर वे एक-दो दिन के लिए ही कहीँ गए , तो साइकिल पर उन्हें स्टेशन या मोटर स्टैंड छोड़ने जाता । बीसों पत्र रोज़ आते। अख़बार पढ़कर पिता सुबह से जवाब देने का काम करते।  डेस्क में एक कोने में वे पत्र रखे जाते जिन पर रिपलाइड लिखा रहता था।
पिताजी
का जेपी से परिचय उस समय से था , जब वे सीपी एंड बरार स्टुडेंट कांग्रेस के अध्यक्ष थे। उसके एक समारोह में जेपी आये थे। 1941 से यह नियमित बना। जब जेपी राजनीति से अलग थे, तब भी जबलपुर से गुज़रते वक़्त वे पिता समेत कुछ अन्य पूर्व समाजवादियों को इत्तला कर देते थे, ये सब स्टेशन जाकर उनसे मिलते थे। बुंदेलखंड के आत्मसमर्पित बागियों के बचाव कार्य में पिता जेपी के कहने से लगे, और पहली बार उन्होंने अपना वकालतनामा शायद 1972  में बनवाया। जेपी सर्वोदय में रहते हुए भी राष्ट्रीय मसलों से कभी दूर नहीं रहे। वे अपनी राय , अपना सहयोग हमेशा  देते रहे। उसी तरह पिता भी मुख्यत: राजनीतिक प्राणी थे, और हर मामले में बयान ज़रूर देते थे , सभा - गोष्ठियों में जाते और बिना लाग लपेट के दो टूक अपनी राय रखते , कोई बड़ा मुद्दा हो तो परचा निकल आता | एक तरह से उनके वक्तव्य अख़बारों के दफ़्तर पहुँचाते-पहुँचाते मै ख़ुद अख़बारनवीस बन गया। इसलिए जब पिता जेपी आंदोलन में कूदे तो सर्वोदय के दूसरे आंदोलन-विरोधी लोगों ने आक्षेप किया कि देखिये मौक़ा लगते ही नायकजी राजनीति में कूद पड़े। यहाँ मधु लिमये की बात याद आती है , जो एक लेख में उन्होंने अच्युत पटवर्धन के संबंध में कही थी। लिमयेजी सभी समाजवादी नेताओं के क़रीब रहे। लोहियाजी, जेपी, एसएम जोशी, नानासाहेब गोरे और अच्युत पटवर्धन व उनके बड़े भाई रावसाहेब पटवर्धन, सभी के वे निकट थे। लिमयेजी ने 1942 में भूमगित आंदोलन चलाने, जनता को नेतृत्व देने तथा समाजवादी आंदोलन में योगदान के लिए अच्युतजी की प्रशंसा करते हुए उनके राजनीति से अलग हो जाने के बारे में लिखा, 'सार्वजनिक जीवन से निवृत्त होने के अच्युतजी के निर्णय या उनके अंतिम 42 सालों में नीले पंछी की विफल खोज याने उनकी जीवन-साधना या कार्य के बारे में मेरी कुछ भी राय हो, इतना स्पष्ट है कि मेरी उन कामों में रुचि नहीं थी।’ उनका कहना था 195० के बाद अच्युतजी जमकर नहीं बैठे... ' दौड़-धूप में, सार्वजनिक जीवन में तथा जन-संघर्ष के अग्निकुंड में लोहिया के समान अपनी विचारधारा उन्होंने विकसित नहीं की। बंबई में अशोक मेहता की तरह मज़दूरों और जनता के बीच तेजस्विता से काम नहीं किया। मार्क्सवाद से सर्वोदय तक जेपी ने लम्बी यात्रा की, लेकिन जनता, जनता की समस्याओं और उसके सुख-दुख से उन्होंने कभी रुख़सत नहीं ली, इसलिए 1973-77 के समय तानाशाही के ख़िलाफ़ लड़ाई का नेतृत्व कर सके। अच्युतजी ने ऐसा कुछ नहीं किया। इन सब बातों से वे अलिप्त रहे। ' ... मधु जी का यह बयान जन-प्रेरित, सरोकार- युक्त लोगों की मन:स्थिति और मूल प्रेरणाओं का सही बखान करता है। ऐसे लोगों की जन - सेवा, जन - संघर्ष की लौ कभी मंद नहीं पड़ती।
जयप्रकाश और राम मनोहर लोहिया दोनों ही विलक्षण समाजवादी नेता रहे हैं। दोनों का प्रभाव चुम्बकीय था। डा. लोहिया साकार संघर्ष थे। उनका असर आमजन से लेकर पढ़े-लिखों और बुद्धिजीवियों में व्यापक था। जेपी कई मामलों में नेताओं के भी नेता थे। समाजवादी पार्टी के पहली पीढ़ी के नेता भी उनके ज़्यादा करीब और आत्मीय थे। ख़ुद डा. लोहिया ने कहा था कि इस देश को हिलाने की क्षमता जेपी में है , जिस दिन आज़ाद हिंदोस्तान में  वे   पुलिस की लाठी खा लेंगे , उस दिन   उन्हें समझ में आ जायेगा। जून 74 में पटना में ठीक यही हुआ था। लिमये ने भी लिखा है कि, जयप्रकाश नारायणजी का व्यक्तित्व नि:संदेह अत्यंत विलोभनीय था। उनके पास  जो ऋजुता  थी , उसका नाना साहेब गोरे द्बारा किया गया गुणगान बड़ा सार्थक है, ' उसी के कारण  कार्यकर्ता  जयप्रकाशजी की तरफ़ खिंचे चले आते थे। उनके प्रति समाजवादी कार्यकर्ताओं का प्यार और आकर्षण कभी कम नहीं हुआ। ... लोहिया का व्यक्तित्व प्रखर था, उसमें बौद्धिक आंच थी, जेपी शायद अधिक आत्मीय और स्निग्ध थे।
जेपी के इस आकर्षण के कई उदाहरण दिमाग़ में आ रहे हैं, जिसे  यहाँ-वहाँ पढ़कर  जाना । एमजे अकबर जब 'संडे’ के सम्पादक थे , तब शायद आनंद बाज़ार समूह ने एक पत्रिका 'न्यू डेल्ही’ निकाली थी। एमजे ने अपने गुरु खुशवंत सिंह को उसका संपादक बनाया। उसके मात्र छह ही अंक निकले।  एक अंक में खुशवंत सिंह ने एक लम्बा  दिलचस्प लेख जेपी पर लिखा था। एक सुबह घर में बैठे - बैठे सरदार लेखक को तब की राजनीति और नेताओं से एकाएक गहरी वितृष्णा हुई। अख़बार में एक ख़बर जेपी की  थी, जो बिहार  में  किसी मुहिम में लगे थे। उन्हें लगा कि एक यही सही आदमी राजनीति में है और वे सूटकेस लेकर जेपी के पास पहुँच गए और बोले कि जेपी मैं यहाँ आपके सेक्रेटरी के रूप में काम करूँगा | जेपी ने कहा कि आप यहाँ रहिये और जो काम हो रहा  है  उसके बारे में लिखिये। खुशवंत सिंह ने लिखा कि जेपी ने उदारतापूर्वक उन्हें अपने शाम के दो पैग लेने की इजाज़त दे दी। लेख काफ़ी विस्तार में था, अब याद नहीं, पर यह उसमें ज़रूर था कि जब जेपी आंदोलन चल रहा था उस समय खुशवंत सिंह बम्बई में वीकली के सम्पादक थे। जेपी बंबई आये तो काफ़ी कोशिशों के बाद भी बातचीत का मौक़ा नहीं मिला। वहाँ से जेपी पुणे गये, तो खुशवंत सिंह ने डेकन क्वीन में अपना टिकट करवा लिया और दो घंटे  जेपी से बातचीत करते पुणे पहुँचे। उन्होंने लिखा कि जेपी ने उन्हें अमेरिका में अपनी महिला मित्रों के बारे में भी बताया। पर लेख यहीं पर यह कहते हुए ख़त्म हो गया कि इस सब पर आगे लिखूंगा। उन्होंने शायद लिखा भी हो पर वह अपन को कभी पढ़ने को नहीं मिला।
'मेरे जीवन की कुछ यादें’ पुस्तक में कम्युनिस्ट नेता ज़ेड ए अहमद ने लिखा कि कांग्रेस पार्टी के ऐतिहासिक फ़ैज़पुर अधिवेशन में आचार्य नरेंद्र देव, डा. लोहिया, जयप्रकाश नारायण, अच्युत पटवर्धन, यूसुफ मेहर अली, रामवृक्ष बेनीपुरी आदि समाजावादी नेताओं से सम्पर्क हुआ, जो आगे गहरी मित्रता में फलीभूत हुआ। अहमद लिखते हैं कि ' मुझे सबसे अधिक जयप्रकाश नारायण ने प्रभावित किया, उनकी मेरे दिमाग़ पर गहरी छाप पड़ी। मुझे उनके विचार और उनको अमल में लाने का तरीक़ा बहुत पसंद था | उनके व्यक्तित्व की वजह से उनका बेहद सम्मान था। उनके अंतिम दिनों तक मेरा उनसे आत्मिक लगाव बना रहा।’ जेपी के बीमारी के समय जब अहमद साहब उन्हें देखने पटना गए तो एक दिन जेपी ने उनसे कहा कि अहमद, मैं जब भी इलाहाबाद जाता था तो जवाहरलाल के यहाँ ठहरने के बजाय तुम्हारे यहाँ ही रुकता था और हाजरा बेग़म मेरी सेवा करती थीं, जानते हो क्यों?... जेपी ने कहा जवाहरलाल की तो मैं इज़्ज़त करता ही था, पर तुम्हें राजनीतिक कार्यकर्ता से ज़्यादा अपना गहरा मित्र मानता था। जब अहमद ने इस पर कहा कि यह तो मैं भी मानता हूँ, तब जेपी ने कहा तुम झूठ बोल रहे हो। तुमने कभी मेरे ऊपर विश्वास नहीं किया।... अहमद साहब अवाक् थे, संयत होते हुए उन्होंने कहा कि आप ऐसा क्यों कह रहे हैं, तो जेपी ने कहा फिर तुमने मुझसे  समाजवादी पार्टी में रहते हुए यह क्यों छिपाये रखा कि तुम कम्युनिस्ट पार्टी के भी सदस्य हो? ज़ेडए अहमद ने विस्तार से उस समय की राजनीतिक स्थिति बताते हुए जेपी से कहा इन हालात में मैं यह बताकर कि मैं कम्युनिस्ट पार्टी का कार्डधारी सदस्य हूँ, आपके सान्निध्य से वंचित होना नहीं चाहता था।
मीनू मसानी की पुस्तक 'ऑल वाज़ बिलिस इन दैट डॉन’ में कई क़िस्से हैं। मीनू मसानी अंग्रेज़ी काट के व्यक्ति थे आचार-व्यवहार सब में। एक बार गांधी जी से मिलने गये मसानीजी ने उनसे हाथ मिलाया था और जेपी ने उनके पैर छुए  तो मसानी ने एतराज  जताया | इस पर उनसे जेपी ने कहा कि मैं कुछ कर नहीं सकता, मुझे ये संस्कार मिले हैं। यह बात सच है कि समाजवादी पार्टी की पहली पीढ़ी के नेताओं में सुभाष बाबू की तुलना में जवाहरलाल नेहरू के प्रति ज़्यादा आकर्षण था। मीनू मसानी ने कांग्रेस के किसी अधिवेशन का वर्णन करते हुए बताया कि वे जेपी के साथ शामियाने के बाहर खड़े होकर राजेंद्र बाबू का भाषण सुन रहे थे। राजेंद्र बाबू नेहरू के ख़िलाफ बिना नाम लिये हुए बोल रहे थे कि कुछ लोग बाहर से विचारों का आयात करके यहाँ थोप रहे हैं। मसानी ने लिखा कि जेपी यह सुनकर उत्तेजित हो गए और बोले ये राजेंद्र बाबू नेहरू के जूते के बराबर भी नहीं है। बाद में जेपी अनमने हो गए तो मसानी ने कारण पूछा। जेपी ने कहा कि राजेंद्र बाबू बुज़ुर्ग  नेता हैं, मुझे उनके बारे में यह नहीं कहना चाहिए था, मैं उनसे माफ़ी मागूँगा। मसानी ने कहा उन्हें तो यह पता भी नहीं, फिर अगर तुम्हें पछतावा हो रहा है, तो यह काफ़ी है, पर जेपी ने राजेंद्र बाबू को बताया कि उन्होंने ऐसा कहा था और उनसे माफ़ी माँगी।
जयप्रकाश अभिनंदन ग्रंथ में हज़ारी प्रसाद द्बिवेदीजी का उन पर एक लेख है। शांतिनिकेतन में जेपी का भाषण अंग्रेज़ी में हुआ। द्बिवेदीजी से उन्होंने हिदी में बात की। दो - एक लोग थे जिनसे जेपी भोजपुरी में बतिया रहे थे। पंडितजी से आख़िर नहीं रहा गया और उन्होंने भोजपुरी में जेपी से कहा कि आप हिंदी में बात कर मुझे काहे का दंड दे रहे हैं। तब से फिर कभी जब भी मिलना हुआ जेपी ने उनसे भोजपुरी में ही बात की।
'इलेस्ट्रेटेड वीकली’ में अस्सी के दशक में भोला चटर्जी के समाजवादियों, गांधी-नेहरू-सुभाष पर काफ़ी लेख छपते थे। एक लेख में उन्होंने लिखा था कि दरबार हाल या कहीं किसी समारोह में जेपी भी थे। कुछ देर बाद नेहरू उनके पास आये और बाँह पकड़कर उन्हें एकांत में ले गए और बातें करते हुए बोले, जेपी डुयू नो, यू शेयर ऑल माई सक्सेस और फ़ेल्यूर्स (जेपी क्या तुम जानते हो, तुम मेरी हर सफलता और असफलता के भागीदार हो)। 'लोक देवता जवाहर’ में दिनकरजी ने लिखा है कि जेपी से एक बार नेहरू ने कहा कि इस देश का प्रधानमंत्री जैसा होना चाहिए वे बातें तुममें हैं, पर तुम यह न समझो कि तुम आओगे और सब ठीक कर दोगे |  तुम्हें सब चीज़ें समझनी होंगी। हम लोग ऐसे ही आये और फिर  ग़लती करते चले गये। ... कुलदीप नैयर प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के प्रेस सचिव थे। अपनी पुस्तक 'बिटवीन द लाइन्स’ में उन्होंने लिखा कि एक बार उन्होंने शास्त्रीजी से यह पूछने का साहस किया कि अगर आपके मुक़ाबले इंदिरा गाँधी प्रत्याशी होतीं तो नेहरू के अनन्य भक्त होने के नाते आप तो मैदान से हट जाते? शास्त्रीजी ने उन्हें हैरत में डालते हुए कहा कि तुम मुझे ऐसा संत मत समझो... फिर कुछ देर चुप रहकर वे बोले देश की आज जो स्थिति है उसमें जयप्रकाशजी सबसे उपयुक्त प्रधानमंत्री  होते।
जेपी सवालों से परे नहीं  हैं , बल्कि आज  ज़्यादा उनके घेरे में हैं | सवाल ये पुराने हैं, आज  देश जिस संकटपूर्ण स्थिति में फंसा हुआ है, संघ का फ़ासीवाद तेज़तर - तीव्रतर बढ़ रहा है... लोकतंत्र और संवैधानिकता का समूल उच्छेदन वही ताक़त करने में लगी है , जो ग़ैरकांग्रेसवाद और सम्पूर्ण क्रांति की पीठ पर चढ़कर यहाँ तक पहुँची हैं | डॉक्टर साहब ने इन्हें प्रादेशिक सत्ताओं का और लोकनायक ने केंद्रीय सत्ता का स्वाद चखाया | दादा धर्माधिकारी ने अपनी पुस्तक  ' दादा के शब्दों में दादा ' में एक जगह लिखा है कि ' जेपी की ऋजुता का कोई अंत नहीं "...  क्या अपने इसी गुण के कारण वे उन  शातिर नेताओं, मित्रों, एक घराने और राजनीति  के मोहरा बन  गये, जो घात लगाये बैठे थे  ? क्या कोई अन्य ' निरपेक्ष ' रास्ता नहीं था उनके पास , जिसके बारे में वे निरंतर सोचते- पढ़ते- लिखते रहे? संघ को अपराध और विष  मुक्त करने वाले  उनके दुर्भाग्यपूर्ण बयान! एक तरह से गांधीजी  को ही कटघरे में ला खड़ा करने वाला नेहरू बनाम पटेल वाला बयान ! यह सही है कि सम्पूर्ण जेपी - लोहिया इन विवादों से कहीं बढ़े हैं | जेपी ने लिखा  ' जीवन विफलताओं  से भरा '... यह लिखते हुए क्या ये विफलतामूलक विसंगतियां जेपी के मन में थीं ? दरअस्ल  उस समय एक ज़रूरी मसला, लोकतांत्रिकता  की ख़ातिर कांग्रेस के निरंकुश होते जा रहे राजनीतिक एकाधिकार को तोड़ना और सार्थक विकल्प तलाशना था | तब आज के ख़तरे का  दूर -दूर तक अंदेशा नहीं था | कांग्रेस के ख़िलाफ़ लोहियाजी जुनून में थे, नेहरू के विरुद्ध कड़वाहट जितनी बढ़ती समाजवादी सम्प्रदाय उतना ही ताली पीटता, ऐसे ही जेपी जब कहते कि संघ अगर देशद्रोही है तो समझो जेपी भी देशद्रोही... लोग ख़ुश होते और संघ-जनसंघ के दिलों में लड्डू फूटते... और आज हाल यह है कि  नेहरू- कांग्रेस  खंडित - भग्न हैं, विपक्ष विपर्यस्त है  , संघ, भाजपा और उनके भक्तों - समर्थकों को छोड़ शेष सभी  देशद्रोही हैं  !  ये सवाल घुमड़ते रहते हैं... ये उन सभी से हैं जो विकल्प और लोकतंत्र की लड़ाई लड़ रहे थे, मेरे पिता भी उनमें शामिल हैं, उनकी तरफ़ से यह संतोष तो है ही कि वे संघ - जनसंघ के परम शत्रु थे और मध्य प्रदेश जैसे  जनसंघ -बली  राज्य की संघर्ष समिति में उन्होंने उसे दबाकर रखा | तमाम दबावों के बावजूद शरद यादव को जनता प्रत्याशी बनाया | समिति के यमुना प्रसाद शास्त्री और  लाड़लीमोहन निगम जैसे सदस्यों को वे झकझोरने वाले पत्र लिखकर उनसे बैठकों में अधिकाधिक सक्रिय होने को कहते और  चेतावनी देते  कि जनसंघ बड़ी मछली है  वह तुम्हें खा जायेगी | संघ - -जनसंघ का सोच - विचार देखिये,  आपात्काल से रिहाई के दो दिन में ही प्रदेश जनसंघ का, महासचिव प्यारेलाल खंडेलवाल द्वारा  हस्ताक्षरित पत्र  पिताजी को मिला , जिसमें बदली  हुई स्थितियों में संघर्ष समिति के औचित्य पर सवाल करते हुए उसकी व्यर्थता की ओर इशारा था ... यानि साफ़ था कि   जनसंघ  मेलमिलाप छोड़ अपने हिस्से के लिये दांत और नाख़ून पैने करने में लग गया था | इलाहाबाद के  'अमृत प्रभात ' अख़बार के रविवारी परिशिष्ट में, जिसके सम्पादक मंगलेश डबरालजी थे, पिताजी ने जनता पार्टी पर लेख लिखा था | उन्होंने लिखा कि यह भाव रूप पार्टी है , जब तक चले, चल जाये... सभी को केंद्र की सत्ता का स्वाद मिल गया है, पर जनसंघ को उससे भी बहुत ज़्यादा कुछ  मिला है।
पर 73-74-75 के वे दिन जेपी को समर्पित थे। हमारा घर भी एक केंद्र था। 'एव्रीमेन्स', ' प्रजानीति' और 'प्रतिपक्ष’ से जेपी और आंदोलन की नियमित खुराक मिलती थी, डाक से और पत्रिकाएं आतीं। जयप्रकाशजी पर दिनकर की कविता कंठस्थ हो गयी थी। जेपी को एक बार जबलपुर आने पर स्टेशन पर देखा था, वे दादा धर्माधिकारी के नामी वकील पुत्र वाईएस धर्माधिकारी, जो पारिवारिक और क़रीबी लोगों के लिये  बब्बन थे, के यहाँ ठहरे थे। वे मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के एडवोकेट जनरल भी हुए और जेपी आंदोलन में वह पद उन्होंने  छोड़ भी दिया था | उस शाम स्टेशन पर जेपी ने व्हीलर के यहाँ से एक किताब ली, पैसा फ़ौरन वकील साहब ने दिया। फिर जेपी आंदोलन के तूफ़ानी दिनों में इमरजेंसी लगने के एक हफ़्ते पहले वे जबलपुर आये थे, संघर्ष समितियों के सम्मेलन में |  तीन दिन पहले ही इलाहाबाद हाईकोर्ट का फ़ैसला इंदिराजी के ख़िलाफ़ आ गया था। सम्मेलन के आयोजन पर सरकार का भारी विरोध और अड़चनें झेलते हुए अंतत:  सम्मेलन जबलपुर के मानस-भवन में हुआ।  इसके बाद जेपी दिल्ली गए, बोट क्लब पर उनका विवादास्पद भाषण हुआ और फिर आपातकाल आ गया।
आपातकाल के उन दिनों में नये खुले जानकीरमण कॉलेज में मैं बीए का छात्र था। तब छात्र-छात्राएं भी ज़्यादा नहीं थे। शिक्षक भी गिने-चुने। प्राचार्य हमारे मोहल्ले के ही पत्रकार-लेखक हरिकृष्ण त्रिपाठी थे , जो युवावस्था में हमारे पिता के समूह में समाजवादी कार्यकर्ता थे। उनसे बात करके बिना किसी प्रचार के 1976 की ग्यारह अक्टूबर को कॉलेज में जयप्रकाश जी का जन्मदिन मनाया । मैं दादा धर्माधिकारी को, जो उन दिनों जबलपुर में थे, निमंत्रित का आया था। दादा रिक्शे पर आये, ख़ुद पैसे दिये और उसी प्रकार एक घंटे भाषण देकर चले गए। सिर्फ़ एक माला पहनाकर उनका स्वागत किया। दादा ने कहा कि इस समय देश में दो ही विभूतियाँ हैं, जेपी और इंदिरा गाँधी। उन्होंने विस्तार से ऐसा कहने के कारण बताते हुए कहा कि एक विभूति भटक गयी, भटका रही है तो दूसरी उसे राह पर लाने की कोशिश कर रही है। एक को सत्ता का, तंत्र का अंहकार है, दूसरी लोक का अभिमान है।
 लेकिन जेपी को पहली बार  आठ मार्च 1962 में देखा था, जब वे घर आये थे। हमारे छोटे भाई का नाम उन पर ही है, जयप्रकाश।  जय आठ साल के थे। उन्हें  टायफ़ाइड था, तेज़ बुखार। जेपी शहर में थे, उनके साथ पिता थे। जयप्रकाश  जेपी को देखने की रट लगाये हुए थे । पिता ज़ाहिर है परेशान थे। जेपी ने भांप लिया और पूछा कि आप चिंतित क्यों हैं ? पिता ने बताया तो बोले , आपको पहले बताना था। अभी चलते हैं। उन्हें  रात आठ बजे सवाईमलजी जैन के यहाँ भोजन करने जाना था, उसके बाद आने का तय हुआ। छह बजे अपनी गली के नुक्कड़ पर मैं खड़ा था तभी हमारी सामने की गली के रज्जू कक्का यानी राजेंद्र तिवारी, जो बाद में एडवोकेट जनरल हुए, साइकिल पर तेज़ी से आये और दूर से ही मुझे आवाज़ दी और कहा कि जेपी आने वाले हैं, घर में बता दो।  नौ बजे के करीब जेपी आये। पिता ने एक सूत की माला जय को दी पहनाने के लिए और एक ख़ुद पहनायी। जेपी ने माला उतारकर जयप्रकाश का पहना दी और पास बैठकर बहुत प्रेम से बातें करते रहे और बोले जल्दी ठीक हो जाओगे। थोड़ा कुछ मीठे का टुकड़ा खाया। हमारी आजी को नमन किया, माँ से दो बातें की। बाहर लोग जमा हो गये थे। वे सबको नमस्कार करते हुए लौट गए।
इमरजेंसी में पिता जेल चले गए। मैं पत्रकारिता विभाग में डिप्लोमा करने लगा। हमारे विभागाध्यक्ष कालिका प्रसाद दीक्षित, 'कुसुमाकर’ थे। 1976 में नंवबर के तीसरे सप्ताह में विभाग के छात्र कुसुमाकरजी के साथ कलकत्ता गए जहाँ हिदी के पहले अख़बार' उदंत मार्तंड ' की  डेढ़ सौवीं जयंती का समारोह था | ' उदंत मार्तंड '  को छात्र मज़ाक में डंडे की मार से उखड़ा दाँत कहते थे | तीन-चार दिन कलकत्ता रहे। लौटे तो पटना आ रहा जानकर अचानक मन पटना उतरकर जेपी से मिलने का हो आया। संयुक्त टिकट थी। मैंने एक अध्यापक से कहा कि टिकट गेट पर दिखाकर मुझे बाहर निकाल दें , लौट में अपने खर्चे पर आऊँगा। बाहर आकर पहला काम यह किया कि एक झोला साथ रखा, बाक़ी सामान अमानती सामान गृह में जमा करा दिया और रिक्शा करके क़दम कुआं पहुँच गए। बाहर काफ़ी पुलिस थी। अंदर काफ़ी लोग ऊपर दालान में बैठे थे। वहीं पहली बार प्रभाष जोशी जी को देखा। उनसे बात हुई। बहन मंजु का विवाह अनुपम मिश्र से तय हो चुका था, प्रभाषजी मिश्र परिवार के घनिष्ठ थे, इसलिए वे पहचान गए। थोड़ी देर में जेपी बाहर आए। एक कोने से सबसे मिलते हुए मेरे पास आये तो प्रभाषजी ने कहा ये नायकजी के पुत्र हैं, जेपी ने अच्छा कहा और आगे जाने लगे। शायद जेपी ने दादाभाई नाइक, जो उस समय जेल से बाहर थे, उनका पुत्र समझा। प्रभाषजी को भी कुछ खटका हुआ तब उन्होंने फिर बताया ये जबलपुर के गणेशप्रसाद नायक के पुत्र हैं तब जेपी रुक गये और नाम पूछकर बोले, मनोहर तुम नीचे जाकर प्रभावती कक्ष देखो, फिर ऊपर आओ तब बात करते हैं।
थोड़ी देर बाद फिर ऊपर गया, दालान खाली हो गयी थी, एक सिरे पर जो कमरा था, वहाँ  प्रभाषजी ट्रांजिस्टर सामने रख कामेंट्री सुन रहे थे। जेपी एक बड़ी टेबिल के पास कुर्सी पर बैठे थे। बाबू  गंगाशरणजी और एक अन्य उनसे बातें कर रहे थे। फिर वे भी चले गए। जेपी खाना खाने वाले थे तभी मेरे पर उनकी नज़र पड़ी तो बोले आओ-आओ। उनके साथ खाना खाया। उन्होंने लड्डू दिया, मैंने एक खाया तो बोले अरे नवयुवक हो और ब्राह्मण हो एक और खाओ, मैंने एक और खाया। इस बीच आने का प्रयोजन पूछा, जब मैंने कलकत्ता जाने का कारण और लौटते में मिलने के लिए आना बताया तो जैसे उन्हें राहत मिली। वे बोले, अच्छा किया, आ गये, अब यहाँ रुको। तब मैंने कहा कि और छात्र पहुँचेंगे और मैं नहीं तो माँ चिंतित होंगी, इसलिए रात को निकल जाऊंगा। खाना खाकर जेपी ने मुझे एक तरह से घर दिखाया। डायलिसिस मशीन दिखायी और बोले परसों होगी, बड़ा तकलीफ़देह है। फिर अपने कमरे में ले गए और बोले यह बिस्तर है, तुम इस पर आराम कर लो। एक कोने में  छोटी  टेबिल पर अशोक मेहता की एक मोटी किताब थी, जेपी ने बताया कि अशोक ने भेजी है, मुझे राय देनी है। वे फिर बोले अब तुम आराम कर लो, मैं तो बाहर बैठूँगा। मैंने कहा कि मेरी आदत दोपहर में लेटने की नहीं है, मैं आपके साथ ही बैठूँगा।
उस वक़्त ढाई-तीन बज रहे थे। दो घंटे जेपी से अकेले बैठे बातें होती रहीं। घर में सब परिवार वालों के बारे में पूछा। अपनी दिनचर्या बतायी, फिर बोले, कलकत्ता में क्या हुआ बताओ। मैंने कहा कि वहाँ मुख्य अतिथि उपन्यासकार विमल मित्र थे, उन्होंने अपने भाषण में कहा कि देश रूपी लता झुक रही थी, उसे सीधा करने के लिए आपातकाल रूपी डंडा लगाया गया है। सुनकर जेपी हतप्रभ  रह गये। धीमे से बुदबुदाए, ये इतने बड़े लोग ऐसा बोलने से अच्छा चुप क्यों नहीं रहते। मैं चुप रहा, मुझे लगा वे स्वगत  में कह रहे हैं , तभी थोड़ा स्पष्ट उन्होंने कहा, मनोहर , बताओ, ये ऐसा क्यों बोलते हैं ! मैं चकरा गया, कुछ सूझा  नहीं तो मैंने कहा, मैं आपको एक शेर सुनाऊँ। उन्होंने कहा सुनाओ, तो मैंने कहा, ' कद्रदानों की तबियत का है अज़ब रंग आजकल / बुलबुलों को ये हसरत है कि उल्लू क्यों न हुए। ’ जेपी बोले , अरे यह तो बहुत मौज़ूं है। फिर वे उठे अपनी डायरी लाये और फिर सुनते हुए उसे नोट किया। मैंने विनोबा के बारे में कटु बोला, कि उनकी भूमिका संदेहास्पद है, तो एकदम हाथ बढ़ाकर मुझे रोक दिया, 'बाबा के बारे में ऐसा मत बोलो, उन्हें छोटा मत करो।’ पर कुछ  रुक कर, धीमे - धीमे,जैसे ख़ुद से कह रहे हों, बोले यह बात समझ से परे है कि गाय के लिए अनशन पर जनता  के उत्पीड़न पर कुछ नहीं! उन्होंने कहा कि कृष्णमूर्ति अपने को विश्व नागरिक कहते हैं पर भारत में नागरिक दबाया-कुचला जाता है तो कुछ नहीं बोलते ! जेपी एकाएक बहुत निराश हो गए, बोले जो ख़बरें सुनता हूँ उनसे बहुत हताश होता हूँ। वहाँ तुम्हारे यहाँ क्या हाल है, मैंने हाल बताये और कहा कि जबलपुर में इमरजेंसी के कुछ ही पहले आचार्यकुल के सम्मेलन में दादा धर्माधिकारी ने कहा था कि गांधी का आंदोलन कई बार असफल हुआ पर वह कभी पराजित नहीं हुआ और अंतत: सफल, जेपी का आंदोलन भी अंतत: सफल होगा। इसके साथ ही फ़ैज़ का मशहूर शेर भी सुना दिया, 'नाउम्मीद नहीं दिल नाकाम ही तो है / लम्बी है ग़म की शाम मगर शाम ही तो है।’ जेपी सुनकर मुस्कुराये। फिर चाय आयी। जेपी ने कहा कि मैं नायक साहब के लिए पत्र लिख देता हूँ, उन्हें पहुंचा देना। अपना पैड मंगवाया और लिखा। 28 नवंबर 1976 के इस पत्र में उन्होंने लिखा:

प्रिय गणेशप्रसाद जी,
चि. मनोहर यहाँ मुझसे मिलने और समाचार लेने आये, इससे मुझे बड़ी प्रसन्नता हुई। मेरा हाल तो मनोहर ज़ुबानी बतायेंगे। ... बस चित्त में यही ग्लानि बनी रहती है कि बीमारी ने मुझे इस प्रकार  निष्क्रिय बना दिया है। यह निष्क्रियता कभी-कभी असह्य हो जाती है।
कुछ उपलब्ध साहित्य मनोहर ले जा रहे हैं।
यह लम्बी रात है, जिससे देश गुज़र रहा है। इसमें आप जैसे बंधुओं ने जो मशाल जला रखी है, वही देशवासियों को आने वाले विहान की सूचना दे रहे हैं।
मेरा हार्दिक स्नेह और अभिनंदन स्वीकार करें, अन्य सभी साथियों को भी स्नेह अभिनंदन दें।
आपका भाई 
जयप्रकाश


जेपी के घर पर कुछ दिनों पहले गांधीवादी नेताओं की बैठक हुई थी। उस बैठक की रिपोर्ट भी दादा धर्माधिकारी को देने के लिए  उनके सचिव सच्चिदानंदजी ने मुझे दी। अपने सेवक गुलाब से उन्होंने कहा यह सामग्री आगे चौहारे पर देना, यहाँ पुलिस चेक करेगी। मैंने जेपी के चरण छुए और चल दिया। सीढ़ी पर उतरते हुए मैंने मुड़कर जेपी की तरफ़ देखा, वे मुझे देख रहे थे। वे मुस्कुराये और हाथ हिलाया। बाहर पुलिसवालों को ज़रूरी जानकारी देकर स्टेशन आया। वहाँ एक पोस्टर देखा स्वामी अखंडानंदजी सरस्वती  के प्रवचन का। बहुत अनुनय-विनय के बाद मुझे अमानती घर के इंचार्ज ने बढ़ गए काग़ज़-पत्तर को रखे सामान में रखने की इजाज़त दी। अखंडानंदजी  परम विद्बान संत थे, हमारे कुल गुरु। उनके प्रमुख शिष्य प्रेमानंदजी 'दादा’ हमारे पिता के सबसे छोटे भाई थे। गांधी मैदान के पास उनके शिविर गया। बहुत स्नेह और सुस्वादु भोजन मिला। पिता को जेपी का पत्र पुरुषोत्तम कौशिकजी के हाथ भिजवाया। वे इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल आये थे।  अगले दिन फिर उनका फ़ोन आया कि कल हड़बड़ी में पत्र के साथ पांच रुपये का नोट भी आ गया था, वह ले जाओ। उन दिनों पांच के नोट में एक दुनिया बसती थी, मैं फौरन साइकिल पर भागा। ...उस रोज़ पटना से चला देर रात तो सुबह वाराणसी पहुँचा तो वहाँ उतर गया। घूमता के दोपहर में काशी एक्सप्रेस से निकला तो शाम को इलाहाबाद उतरने का मन हुआ ,पर उतरा नहीं। वैसे भी यहाँ साल भर बाद आना ही पड़ा। 'अमृत प्रभात’ में पहली नौकरी के लिए। तब पांच साल यहाँ गुज़ारे।
 





 



गाँधीजी : कुछ आत्मीय प्रसंग

  •  मनोहर नायक 

गाँधीजी की डेढ़ सौंवीं जयंती पर कई देखी-सुनी-पढ़ी बातें याद आयीं। सारी बातें और प्रसंग अत्यंत निकट और आसपास के लोगों से जुड़े हुए हैं, जिनको गाँधीजी का जादुई स्पर्श मिला या जो इस बेजोड़ नेता से जीवन और कर्म में प्रेरित हुए। यह सब याद करते हुए लगता है देश में ऐसे अनगिनत लोग होंगे जिनके प्रियजनों-परिजनों को गाँधीजी का दरस-परस और सामीप्य मिला होगा। लोगों के पास और भी अनूठे, अछूते और प्रेरणादायी संस्मरण सुनाने को होंगे। मैं ख़ुद कई ऐसे परिवारों को जानता हूं और जबलपुर, इलाहाबाद, भोपाल, दिल्ली में अनेकानेक  क़िस्से सुने हैं। जबलपुर जब भी जाना होता है तो ज्ञानजी (कथाकार, सम्पादक ज्ञानरंजन) के साथ सुपर मार्केट कॉफी हाउस में बैठक जमती है। चारेक साल पहले एक दिन उन्होंने कहा कि तुम नहीं जानते अनेक असहमतियां होते हुए भी गाँधी का मेरे ऊपर बहुत प्रभाव है। सादगी, मितव्ययिता, हिसाब-किताब और जीवन में अनुशासन बहुत कुछ उन्हीं के असर से है। ज्ञानजी का कहना था कि गाँधी बहुत जटिल व्यक्ति हैं और उन्हें जीवन में उतारना बहुत कठिन है। ज्ञानजी उस दिन गाँधी पर काफ़ी बोले। उनके लेखक पिता रामनाथ सुमन मनसा-वाचा-कर्मणा गाँधीवादी थे और वर्धा-सेवाग्राम में कई वर्ष गाँधीजी के पास रहे। गाँधी के विकटपने की मिसाल देते हुए ज्ञानजी ने बताया था कि सुमनजी से किसी हिसाब में ग्यारह पैसे की चूक हो गई तो गाँधीजी ने उनसे कहा कि आप अब दूसरा काम सम्हालिये। ज्ञानजी के पिता- माता दोनों स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे | खादी उनके लिये विचार और वस्त्र दोनों थी , घर  खादीमय था | उनकी माँ का निधन 94 वर्ष की आयु में हुआ, वे अंत तक खादी पहनती रहीं। उस दिन ख़ुद अपने जीवन पर पीछे नज़र दौड़ायी तो पाया कि पिता के अनुशासन में ज्ञानजी की तरह मैंने भी घर में गाँधीवाद को काफ़ी सहन किया जबकि तब उससे बाहर की दुनिया काफ़ी दिलकश और दिलदार लगती थी। ज्ञानजी की तरह हमने भी कई बरस खादी ही पहनी। ज्ञानजी ने कहा था कि नौकरी लगते ही सबसे पहले उन्होंने खादी को तिलांजलि दी, 'अरे बड़ा अजीब लगता था, पैंट में थोड़ी देर में ही घुटना बन जाता था।’
गणेश प्रसाद नायक

मेरे जन्म के समय, 1954 में मेरे पिता  गणेश प्रसाद नायक आज़ादी की लड़ाई लड़ते हुए कांग्रेस से समाजवादी पार्टी और फिर जेपी के साथ सर्वोदय में आ चुके थे और उनकी प्रतिष्ठा एक गाँधीवादी नेता की थी। घर में सब कपड़े-लत्ते खादी के थे, एक चिंधी तक सूती नहीं। रूमाल और चौके के छन्ने भी खादी के। पिता तो खादी का व्रत 193० में ले चुके थे। माँ (गायत्री नायक) ने भी अंत तक खादी पहनी। दो अक्तूबर से गाँधी आश्रम खादी भंडार में छूट मिलती थी तो साल भर के कपड़े आ जाते थे। माता-पिता के साथ जबलपुर में जवाहरगंज के खद्दर भंडार कपड़ा खरीदने बरसों गए। यह वह समय था जब घरों की बैठकों में नेताओं की बड़ी-बड़ी तस्वीरें लगी रहती थीं। हमारी बैठक में एक बड़ी गाँधीजी की तस्वीर थी, उससे छोटी नेहरू-पटेल-राजेंद्र प्रसाद की थी जिस पर लिखा था 'देश के नेता’। एक जयप्रकाशजी की थी, जिसके नीचे लिखा हुआ था 'सबसे बड़ा धर्म मानवता’। एक फ़ोटो फ़ार्वर्ड ब्लॉक के नेताओं की थी जिसमें नेताजी सुभाषचंद्र बोस के साथ हरिविष्णु कामथ, लक्ष्मण सिंह चौहान (सुभद्राकुमारी चौहान के पति), सवाईमल जैन, शिवप्रसाद चिनपुरिया के साथ हमारे पिता थे। फिर विनोबा के साथ उनकी फ़ोटो और कुछेक अन्य के साथ, एक तस्वीर हमारी माँ की गुरुजी महादेवी वर्मा की थी। हम तीन भाई, एक बहन के बचपन और किशोरवय ऐसी ही यादों से भरपूर हैं। तब 3० जनवरी को 11 बजे हूटर बजने पर लोग ठहर जाते थे, जबकि ठहर जाने की न धौंस थी न दबाव। यह वह समय था जब परिवारों के कपड़ों की अलमारी में गाँधी टोपियां होती थीं। तकलियां सहेज कर रखी जाती थीं। दो अक्तूबर, 3० जनवरी को गाँधी को याद किया जाता था और गाँधी टोपी, चरखा और तकली खुले में निकल आते थे। पिता तो बहुत चरखा कातते थे। वे हाथ काते सूत की माला से ही किसी का स्वागत करते। घर में जब विनोबा आये, जयप्रकाशजी आये तो उनका स्वागत इन्हीं गुंडियों से किया, बाहरी कार्यक्रमों में भी वे यही पहनाते। मीसा में जबलपुर सेंट्रल जेल में उनके बायें कंधे के पास एक हड्डी बढ़ गयी। हाथ में झुनझुनी रहती। वे मेडिकल कॉलेज आते इलाज के लिए पर फ़ायदा कुछ नहीं हुआ। उन्होंने फिर चरखा  शुरू किया और कातते हुए हाथ ऊपर-नीचे होने से वह दुरुस्त हो गया। घर के पास ही उन्होंने एक बड़ा हॉल बनवाया था जिसमें बाहर से आने वाले सर्वोदयी व अन्य सामाजिक कार्यकर्ता ठहरते। कुछेक को छोड़कर बाक़ी हमारे घर ही भोजन करते। इसे सर्वोदय कार्यालय कहा जाता। शिक्षक संघ, स्वाधीनता संग्राम सैनिक संघ की बैठकें यहीं होतीं। दो अक्तूबर, 3० जनवरी को सुबह सात बजे कार्यक्रम होता जिसमें आमतौर पर सेठ गोविंद दास और महेशदत्त मिश्र मौजूद रहते। गोविंद दास तो समय के पाबंद थे, वे सबसे पहले पहुंचते। फुआरे पर नगर कांग्रेस कमेटी की सभा शाम को होती। ऐसा ही एक दिन 12 फरवरी का होता। इस दिन गाँधीजी की भस्म नर्मदा में विसर्जित की गयी थीं। पिता नर्मदा के तट तिलवारा घाट में सर्वोदय मेला आयोजित करते। काफ़ी लोग इकट्ठे होते। हम बच्चे नगर निगम के ट्रक पर पहले पहुंच जाते। शामियाना लगता और लाउडस्पीकर में गाने शुरू हो जाते.... 'सुनो सुनो ऐ दुनिया वालो बापू की यह अमर कहानी’, 'दे दी हमें आज़ादी बिना खड्ग बिना ढाल, साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल।’ प्रार्थना होती, कताई होती। गोविंद दास जी, व्यौहार राजेंद्र सिंह, भवानी प्रसाद तिवारी, सवाईमल जैन, महेशदत्त मिश्र, रामेश्वर  प्रसाद गुरु तमाम लोग आते, भाषण होते। कई बार दादा धर्माधिकारी के अद्भुत भाषण सुनने को मिलते।
देखते ही देखते दो अक्तूबर, 3० जनवरी और 12 फरवरी के आयोजनों में बाद में बमुश्किल लोग जुटते , और एहसास होने लगा था कि गाँधीजी का महत्त्व कम होने लगा है | जल्दी ही वह दौर भी देखा जब गाँधी मजबूरी का नाम हो गये... अब एक बार वे फिर मज़बूती के पर्याय हैं।
गाँधीजी का बाहर जो हाल हो रहा हो, उनसे एक रिश्ता बन गया, यह नेहरूजी से भी बना। जबलपुर की मुख्य सड़क पर जवाहरलाल को 'ऋतुराज’ की तरह निकलते देखा था। बाद में दोनों को लेकर उलझनें भी पेश आयीं पर दिल से उनकी सरदारी नहीं गयी। यह मामला वैसा ही था जैसा खुशवंत सिंह ने लिखा था कि बापू के शराब और ब्रह्मचर्य संबंधी विचार बेहद अटपटे हैं लेकिन मैं नहीं चाहता कि उनकी जो मूर्ति मन में है उसे कोई ठेस पहुंचे। पिता वैसे तो ज़रा सी ग़लती पर भी आवेश में आ जाते थे लेकिन उनकी मूल प्रकृति शांत, प्रसन्न और उदार थी। परसाईजी  ने एक बार मुझसे कहा था कि नायक जी के होंठों पर हंसी और नाक पर ग़ुस्सा रहता था | मैट्रिक करने के बाद उन्होंने कहा कि इतने साल में यदि खादी के संस्कार नहीं बने तो अपनी मर्ज़ी का पहनो और घर में फिर सूती और टेरीकॉट का बेधड़क प्रवेश हुआ। पर पिता ने तो घोर ग़रीबी के दिनों में खादी का संकल्प लिया था और तीन काम तय किये थे, पढ़ना, इसके लिए ट्यूशन करना, ताकि आधिकाधिक स्वावलम्बी हों और आज़ादी के लिए काम करना। यह 193० की बात है, तब वे सत्रह के थे। दो साल बाद खादी दुगनी महँगी हो गयी। पिता ने गाँधीजी को लिखा कि मेरा जैसा छात्र इस गरीबी, महँगाई में खादी का संकल्प कैसे निभाये? उनका पोस्टकार्ड आया, 'डियर गणेश प्रसाद, वेयर देअर इज़ ए विल, देयर इज़ ए वे। कट शार्ट यूअर एक्सपेंसेस, बापू |'
सन् 33 में गाँधीजी संभवत: पहली बार जबलपुर आये थे। एक सभा में पिताजी गाँधीजी के सामने बैठ गए, वे उन्हें एकटक देखे जा रहे थे, तब गाँधीजी ने उनसे कहा, ऐसे मत देखो, ध्यान बँटता है। इसी समय एक सभा हमारे मोहल्ले दीक्षितपुरा के उपरैनगंज वार्ड में स्थित सिमरिया वाली रानी की कोठी में हुई। प्रसंगवश, माखनलालजी चतुर्वेदी ने इसी कोठी से 'कर्मवीर’ निकाला था। तब उनका प्रेस भी यहीं था। गाँधीजी की यह सभा महिलाओं की थी। इसके बारे में मुझे मेरी माँ के ताऊजी के पुत्र मामा जीवन नायक ने, जो उस समय ग्यारह वर्ष के थे, बताया था। इसी कोठी के पीछे गली में हमारा ननिहाल 'नायक निवास’ है। मामाजी अपनी माँ को लेकर वहां गये थे। भाषण के बाद गाँधीजी झोली फैलाकर एक-एक कतार में गये और चंदा लिया। झोली भरने पर वे जाकर एक जगह उसे उलट आते। घर लौटते हुए मामाजी को उनकी माँ ने बताया कि वे कान के झुमके दे आयी हैं। माँ को छोड़कर मामाजी फिर वहां आ गये। तभी एक सज्जन ने कहा कि कान की एक बाली नहीं मिल रही है। गाँधीजी जा चुके थे , उन्हें जाकर बताया गया तो उन्होंने कहा, 'कोई माँ, बहन बापू को एक कान का गहना नहीं देगी। देगी तो दोनों। न दे तो एक भी न दे। और तलाश करो।’ अंत में गाँधीजी की बात को सही ठहराता दूसरा झुमका दरी के धागे में फंसा हुआ मिल गया।
दूसरे विश्व युद्ध में गाँधीजी ने जनता से अपील की कि भारत को उसकी मर्ज़ी के ख़िलाफ़ युद्ध में घसीटा जा रहा है इसलिए वह युद्ध में धन-जन की कोई मदद न करे। इसके लिए उन्होंने व्यक्तिगत सत्याग्रह शुरू करते हुए सत्याग्रहियों का चुनाव अपने हाथ में लिया। सत्याग्रहियों की नैतिक व चारित्रिक मर्यादाएं निश्चित कीं। सत्याग्रह की विधि निर्धारित की। विनोबाजी को प्रथम सत्याग्रही बनाया। पिता का नाम नगर की पहली सूची में था पर गोविंद दास और द्बारिका प्रसाद मिश्र ने उनसे कहा कि सूची के मुताबिक सत्याग्रह होने पर बाद में तो सत्याग्रह कराने वाला कोई न होगा इसलिए तुम बाद में सत्याग्रह करना, तब तक सत्याग्रही तैयार करो और अपनी परीक्षा भी दे लो। नियम यह था कि सत्याग्रही पुलिस को सूचना देते थे। समय, स्थान बताते थे, पुलिस उन्हें सत्याग्रह करने के पहले ही गिरफ़्तार कर ले जाती थी। मार्च में पिताजी की परीक्षा हो गई। दूसरी लिस्ट तक पुलिस गिरफ़्तार करती रही, लेकिन फिर तीसरी लिस्ट के सत्याग्रहियों की गिरफ़्तारी बंद कर दी। पहले ही नहीं सत्याग्रह के बाद भी गिरफ़्तारी रुक गयी। पिता नई-नई विधि से तब भी गिरफ़्तारी कराते। पिता ने अपने सत्याग्रह का दिन तय कर लिया था पर इसके पहले मूलचंद यादव नाम के सत्याग्रही की गिरफ़्तारी आवश्यक थी। पिताजी ने एक परचा बनाया कि सरकारी कर्मचारी युद्ध में सहयोग न करें। इसकी कई प्रतियां टाइप करायीं। सत्याग्रही की यूनीफार्म बनायी - सफ़ेद पेंट, सफ़ेद कमीज़, गाँधी टोपी और झोला। सत्याग्रही से कहा कि कचहरी की शांति भंग न करे, न कोई नारा लगाये। सिर्फ़ कहे कि गाँधीजी का संदेश देने आया हूँ। उसे सबसे पहले सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पूरे सम्मान के साथ पत्र देना था। जब सत्याग्रही पत्र लेकर बाहर निकलने लगा तो मजिस्ट्रेट ने उसे रोककर पुलिस बुलाकर जेल भेज दिया, इसी की उम्मीद थी। इस सत्याग्रही की अनोखी विधि की अख़बारों में चर्चा हुई। लेकिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस विधि को गाँधीजी के विचारों के विपरीत बताकर उस सत्याग्रही को अमान्य कर दिया। पिता ने गाँधीजी को पत्र लिखा कि सत्याग्रहियों की गिरफ़्तारी न होने से यह विधि अपनायी, जोकि किसी भी तरह आपके उसूलों का उल्लंघन नहीं है। उन्होंने गाँधीजी को मजिस्ट्रेट को दिये पत्र की कॉपी भी भेजी। इसके बाद पिता सत्याग्रह करने के पहले ही गिरफ़्तार हो गए। पहले वे जबलपुर जेल में रहे फिर नागपुर भेज दिये गए, जहां उन्हें सूचना मिली कि गाँधीजी ने प्रदेश कांग्रेस के फ़ैसले को रद्द करने का आदेश देते हुए सत्याग्रही को मान्य घोषित किया और कहा कि उस लड़के ने बहुत ही सूझबूझ से काम लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गिरिजाशंकर अग्निहोत्री ने प्रेस को इस फ़ैसले की सूचना दी थी। नागपुर जेल से छूटकर  पिताजी सीधे सेवाग्राम गए। दिन भर गाँधीजी की कुटी के बाहर खड़े रहे। शाम को महादेव देसाई मिले उन्होंने घूमते समय गाँधीजी से भेंट करने को कहा, तभी गाँधीजी कुटी से निकले और पिता पर नज़र पड़ी तो पूछा, कहां से आये हो? नागपुर जेल से सुनकर बोले, तो भोजन कर लो। नागपुर जेल में कैदियों द्बारा काता तीन सेर सूत भेंट करने पर गाँधीजी बोले, 'बहुत कम काता।’ इत्तफ़ाक यह हुआ कि भोजन की पांत में गाँधीजी पिताजी की बगल में आकर बैठ गए और दोने में जैसे ही दाल परसी गई उन्होंने लहसुन की भुसी की पुड़िया खोल के अपनी दाल में और फिर पिताजी की दाल में डाल दी। पिताजी प्याज-लहसुन नहीं खाते थे , पर उस दिन जी कड़ा करके दाल पी। नागपुर जेल में लड़कर उन्होंने राजनैतिक कैदियों के लिए किचन खुलवाया था और जब वहां सब्ज़ी में प्याज पड़ी तो उसे बंद करने के लिए उपवास कर दिया। वे अपनी पर अड़ने वाले व्यक्ति थे , अंत में उनके हिसाब की एक अलग छोटी किचन और बनी। जेल में उन्हें उपाधि दी गयी थी, 'कुछ झुकी कमर पर ज़ोर दिये/ डिक्टेटरशिप का बोझ लिये/ सुबह चार बजे उठ चरखा कातें/ मुँह में मीठे बोल लिये।’ जेल में  लड़कर और फिर अनशन करके उन्होंने लोहे के तसले में खाना देना बंद करवाया था। दूध बंद होने पर सत्याग्रह शुरू करवाया था। ... भोजन के बाद टहलते हुए उन्होंने गाँधीजी को दूध बंद होने की बात बतायी। गाँधीजी ने कहा तुम नागपुर वापस जाकर सत्याग्रह बंद करने का संदेश दो और घर जाकर इस पर वक्तव्य दो, वे ख़ुद भोजन में दूध की आवश्यकता पर सरकार को लिखेंगे। बाद में जेल में भोजन की जाँच पर कमीशन बना, जिसने आठ ओंस दूध ज़रूरी माना। तब से जेल में 6० से 4०० ग्राम तक दूध मिलने लगा | पिता ने जीवन भर संघर्ष किया पर गांधी- प्रेरित सिद्धांतों से कभी डिगे नहीं... कई बार जेल यात्राएँ कीं, मीसाबंदी भी रहे, पर कभी पैरोल नहीं लिया | 1944 में अपने पिता की मृत्यु पर उनके के अंतिम दर्शनों के लिए पैरोल नहीं लिया।
हमारे नाना गोपाल प्रसाद नायक स्वाभिमानी, स्वावालम्बी और स्वाध्यायी थे। 'सरस्वती’ के
गोपाल प्रसाद नायक 

संपादक समालोचक और साहित्यकार महावीर प्रसाद द्बिवेदी के प्रिय छात्र रहे | द्बिवेदीजी पहले कंपनी सरकार की जीआईपी रेलवे में थे। झांसी स्टेशन पर उनकी मूर्ति भी है। वे नाना को रेलवे में लाना चाहते थे और मौक़ा पाकर वे उन्हें रेलवई में ले आये। नाना अपने काम में बहुत ही मेहनती और ईमानदार थे। देशप्रेम की भावना से भरपूर थे। जबलपुर-इलाहाबाद के बीच के स्टेशनों पर वे रहे। पता चलता कि अमुक नेता फलां गाड़ी से निकल रहा है तो गाड़ी रुकवाकर नेता को दूध-फल भेंट करते। वे पहले स्टेशन मास्टर थे , जो अपनी मांगों को लेकर पूरे स्टाफ़ के साथ हड़ताल पर बैठ गए। अगस्त 42 में उन्होंने स्टेशन पर तिरंगा फहरा दिया। वे निलंबित हो गये और एक साल बाद जब लिये गए तब बहुत छोटे स्टेशनों पर उन्हें रखा गया। उनकी एक चचेरी बहन सुमित्रा थीं, जो कम उम्र की थीं और एक साल में विधवा हो गयी थीं। उनके पिता ने सुमित्रा को इनके पास भेज दिया। सुमित्रा की हालत देख उनका हृदय विदीर्ण हो गया। प्रण किया जब तक इसका फिर विवाह न करेंगे अन्न नहीं खायेंगे। यह 193० की बात है। कपड़ों, सजधज और खाने के शौकीन गोपाल प्रसाद मोटा पहनने लगे। अलोना खाने लगे। कमलगटा, कसेरू, महावरी, मूंगफली, सिंघाड़ा और ऋतुफल यही आहार हो गया। पान, तम्बाकू, भाँग और खुशबूदार तेल - फुलेल सब बंद। उनकी दो बेटियां और उनसे बड़ा एक बेटा था। यह निश्चय भी किया कि अब उनकी संतान नहीं होगी। वे सूत कातने और रामचरित मानस के परायण में रम गए। सुमित्रा इस बीच मिडिल पास हो गयीं। नाना ने गाँधीजी को पत्र लिखकर संकल्प के बारे में बताया। उन्होंने कहा, निर्णय बेशक सही है पर विधवा-विवाह के लिए समाज तैयार नहीं है। यह क्रांतिकारी काम है। ब्राह्मण वर्ग तो कदापि तैयार न होगा। याद रहे कोई साथ न देगा। सगे-संबंधी मुँह फेर लेंगे। पर क्या विघ्न के भय से पीछे हट जाओगे? संकल्प लिया है तो पूरा करो। हिम्मत रखो, भगवान पर भरोसा रखो। मालवीयजी ने भी ऐसा ही लिखा। महावीर प्रसाद द्बिवेदी ने उन्हें 'बाल विधवा-विलाप’ शीर्षक अपनी कविता भेजी और लिखा, 'मैं विधवा-विवाह को धर्मसंगत मानता हूं और हिंदू-धर्म की कठोर रूढ़ियों के विरुद्ध हूं। लोग निंदा करें या स्तुति - इस पर हर्ष-विषाद में न पड़कर जो ठीक समझ रहे हो वही करना। अंतत: तीन साल बाद रानीपुर में विवाह हुआ। नाना तब वहीं स्टेशन मास्टर थे। पिता और भाइयों के सिवा कोई नहीं आया। जमींदार, जागीरदार आसपास के आये, मित्र मंडली आयी और धूमधाम से विवाह हुआ। इतने साल बाद जब नाना ने नमक वाला भोजन किया तो जीभ में छाले पड़ गए। शादी में विदा के समय 'सम्राट’ उपनामधारी कवि ने नाना को एक मानपत्र दिया, जिसकी कुछ पंक्तियां ये थीं: 'गोपाल तुम्हारी वीणा ने यह छेड़ी तान निराली है/ जिसकी धुन मोहक है सबको मदमस्त बनाने वाली है/ तुमने सचमुच नायक बन कर यह अनुपम सुयश कमाया है/ जो लता शुष्क थी उसका तुमने जीवन सरस बनाया है।’ शादी में बारातियों को चाँदी की तकली भेंट की गयी थी। वे जाति से निकाल दिये गए पर कुछ साल बाद झांसी में जिझौतिया ब्राह्मणों के अधिवेशन में वापस ले लिये गए। मेरी माँ का वहां जुलूस भी निकला , क्योंकि वे समाज की पहली मैट्रिकुलेट लड़की थीं।
नाना जबलपुर में वड़ोदरा की लड़कियों की प्रभात फेरी देखकर इतने प्रभावित हुए कि अपनी
मां गायत्री नायक

सात-आठ साल की बेटियों को वड़ोदरा पढ़ने भेज दिया। कई साल पहले इन्हीं शारदेय नवरात्र के दिनों में माँ ने मुझसे कहा था कि आजकल तो टीवी पर गरबा देखो तो सब कहीं ये फ़िल्मी गानों पर होते दिखते हैं। तुम कल्पना नहीं कर सकते कि बहत्तर साल पहले हम छोटी-छोटी लड़कियां वड़ोदरा की स्कूल में यह गाते हुए गरबा करते थे, यह कहते हुए उन्होंने गाते हुए वह पंक्ति सुनायीं, ' देसड़िया नी भाजे गंधीजी  अवे गांड्यो तो ' , जिसका अर्थ था कि 'ये गाँधी तो देश के लिए पागल हो गया है’ - इसे ही गाते हुए माँ और सहेलियां गरबा किया करती थीं। वड़ोदरा में भाषा, खानपान की दिक़्क़त थी तो नाना ने दोनों को इलाहाबाद में महादेवीजी की महिला विद्यापीठ में भेज दिया। सावित्री मौसी तो थोड़े समय रहीं पर माँ छठवीं से एम.ए. तक वहीं पढ़ीं और महादेवी की प्रिय छात्रा रहीं। यहीं जब वे छठी-सातवीं में ही थीं तब गाँधीजी हिंदी साहित्य सम्मेलन के किसी कार्यक्रम में आए। वहां स्कूल की छात्राओं के साथ माँ को 'वंदे मातरम्’ गाना था। जब वे गाँधीजी के सामने से निकलीं तो उन्होंने उनका हाथ पकड़कर पूछा, 'वंदे मातरम् गाओगी।’ हां, कहने पर पीठ पर एक धौल जमाते हुए गाँधीजी ने कहा 'ज़ोर से गाना।’ गाँधीजी की भस्म जब गंगा में विसर्जन के लिए  इलाहाबाद आयी तब माँ रामधुन गाती पैदल संगम तक गयी थीं।... 
जीवन नायक

हमारे जीवन मामा इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अंग्रेजी साहित्य में दाखिले के प्रत्याशी थे। उन्हें स्टेशन के सामने रीवां कोठी में कमरा मिल गया था। रीवां राज्य परिवार के लाल पद्मधर सिंह वहीं रहते थे। वे विद्यार्थी आंदोलन के नेता थे। मामाजी उनके करीब आये और आंदोलन में समय देने लगे। यह सन् 42 का वक़्त था एकाएक आंदोलन उग्र हो गया। पुलिस ने गोली चलायी और पद्मधर सिंह का प्राणांत हो गया। इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ भवन का नाम उन्हीं के नाम पर है और उनकी प्रतिमा भी वहां लगी हुई है। मामाजी बताते थे कि पद्मधर माखनलाल चतुर्वेदी की दो पंक्तियां, अक्सर गुनगुनाया करते थे: 'जो कष्टों से घबराऊं, मुझमें कायर में भेद कहां/बदले में ख़ून बहाऊं, तो मुझमें डायर में भेद कहां।’
इस घटना के बाद मामाजी का नाम विश्वविद्यालय से ख़ारिज हो गया। मामाजी तब बंबई आ गए और एक परिचित के साथ दादर में रहने लगे उन्हें वहीं के डिसल्वा पब्लिक स्कूल में अंग्रेजी पढ़ाने का काम मिल गया। उनकी बिल्डिंग के पास ही सड़क पार आराम बिल्डिंग थी जहां वे ट्यूशन पढ़ाते थे। एक दिन तीसरी मंजिल से सीढ़ियां उतरते उनकी मुलाक़ात उत्तमराव से हो गयी जो फ़ोटो-पत्रकार थे। कुछ अंग्रेजी समाचारपत्रों के लिए नियम से लिखते थे और 'द ओरिएंट’ के अधिकृत संवाददाता थे। उन्होंने मामाजी के बारे में सभी जानकारियां जुटा रखी थीं। उन्होंने अपनी मंशा बतायी तो ट्यूशन के बाद मामाजी एक घंटा का समय उन्हें देने लगे। टेलीफोन के संदेश लिखना आदि काम था। चाय और खाने की सामग्री के अलावा पढ़ने को भी काफ़ी कुछ रहता। मामाजी के शब्दों में : 'सन् 42 का अगस्त आ गया था। शुरू से ही बंबई के वातावरण में अकुलाहट छा रही थी। कांग्रेस के बड़े नेता आ रहे थे। माहौल में बेचैनी और छटपटाहट थी। पहला हफ़्ता बीता कि ऐलान हुआ कल शिवाजी पार्क में सभा है, गाँधीजी बोलेंगे। भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पर न गाँधीजी आए न सभा हुई। लेकिन उनका संदेश सब कहीं पहुंच गया - 'तुम्हीं सिपाही हो, तुम्हीं नेता हो। करो या मरो।’ सभी की ज़ुबान पर था, 'करो या मरो।’ फिर एक ख़बर आग की तरह फैली- 'गाँधीजी पकड़ लिये गए, सारे नेता गिरफ़्तार हो गए।’ एक सनसनी और बौखलाहट फिर चिल्लाहट में बदल गयी, 'अंग्रेजों भारत छोड़ो।’ सड़क को अवरुद्ध किया जाने लगा। रस्से बांध कर खम्भों को सड़क पर लिटा दिया गया। घर का बेकार सामान सड़क पर आ गया। लड़के रातभर खंभे पीटते रहे, 'धन्न-धन्न।’ उस रात शायद ही कोई सोया। सुबह यातायात ठप्प था। दोपहर में सेना आ गयी। लोगों को पकड़कर अवरोध उठाये जाने लगे।’ मामाजी से रहा नहीं गया तो वे जैसे-तैसे 'आराम,’ बिल्डिंग पहुंचे और पढ़ने वाले बच्चों के लिए घंटी बजाई तो दरवाज़ा खुलने से पहले दो सर्जेटों ने बंदूकें अड़ा दीं और कहा नीचे चलकर सड़क साफ़ करो। तब तक दरवाज़ा खुल चुका था, मामाजी ने लड़कों से उत्तमराव को सब बताने को कहा। नीचे कई लोग कतार में थे। बाद में एक में ट्रक में लादकर कोतवाली लाकर एक-एक छोटे-से  कमरे में कई-कई लोग ढूंस दिए गए। रात में मामाजी की तंद्रा तब खुली जब एक सिपाही ने उनसे कहा बाहर चलो। बाहर उत्तमराव थे। लड़कों ने उन्हें बता दिया था। पुलिस अधिकारी ने मामाजी को उनके हवाले किया और उत्तमराव की बेबी आस्टिन में वे चल दिये। रास्ते में उत्तमराव ने धीरे से कहा, पता चला है कि बापू पुने में हैं। दो बजे गाड़ी है। अपन चलेंगे। उनका दर्शन करेंगे। मैं सुतार (बढ़ई) बनूंगा तुम मेरे मददगार। दूरबीन का इंतज़ाम है। तुम खाना खाकर एक घंटे सो लो। फिर दोनों ने ट्रेन पकड़ी। पौने दो घंटे में ठिकाने लगे। बाहर निकलकर तमिलभाषी उत्तमराव ने मराठी में बात कर एक टैक्सी वाले को तैयार किया और सीधे चलने को कहा, जब टैक्सी मुख्य सड़क पर आयी तो थोड़ा चलकर उतर गए और एक दिशा में इशारा करके बोले अपन को वहां टीले तक चलना है। पत्थर और झाड़ियां हैं, सम्हलकर। अपने पास 45 मिनट हैं। पसीने से लथपथ दोनों 38 मिनट में वहाँ पहुंचे। उत्तमराव ने दूरबीन तैयार की। साफ़्टवुड के छह टुकड़े थे, एक दूसरे में फिट होने वाले। उनमें शीशे फंसाने के लिए खांचे थे। सबको जोड़कर दूरबीन बन जाती थी। ऊपर लगे शीशे पर सामने की चीज़ का अक्स पड़ता था जो नीचे के शीशे में दिखायी देता था। मामाजी पास ही लेट गए। फिर एक कंकड़ उन्हें लगा। आँखें खोलीं तो उत्तमराव इशारे से बुला रहे थे। पौ फट चुकी थी। उजाला फैल गया था। यह गाँधीजी के सुबह की सैर का वक़्त होता है। उत्तमराव ने दूरबीन से सिर हटाया और कहा, 'देखो! भगवान का लाख-लाख शुक्र!’ अगस्त ’42 की वह नौ तारीख की सुबह थी। मैंने दूरबीन से देखा आगा खां महल के प्रांगण में सफ़ेद चादर ओढ़े गाँधीजी फुर्ती से टहल रहे हैं। बाद में लौटकर उत्तमराव ने यह ख़बर भेजी और उनका अख़बार संभवत: यह ख़बर पहले पहल देने वाला बना।
गाँधी शताब्दी के समय 1969 में गाँधी साहित्य प्रचार के लिए जबलपुर नगर निगम प्रशासक एलपी तिवारी ने एक रुपये महीने पर पिताजी को दूकान दी थी, अच्छे साहित्य के प्रचार के लिए। इस सत्साहित्य ग्रंथागार में गाँधी-विनोबा और अन्य साहित्य मिलता था। पहले मैं उसमें बैठता था तो गाँधीजी की लिखी और उन पर लिखी कई किताबें पढ़ीं। अब मेरे छोटे भाई जयप्रकाश बैठते हैं। इस दुकान को भी पचास वर्ष हो गए। उस समय आसपास ऐसे अनेक लोग थे जो गाँधी के अनुयायी थे।   शहर और बाहर के  पिताजी के मित्र हमारे तमाम  चाचा गांधी की गोपियां थे | ये स्मृतियां बताती हैं कि गाँधीजी ने लोगों को किस गहराई से प्रभावित किया |आज के कठिन और उद्विग्न समय में गाँधीजी के साथ उन सबको याद करना बेहद ज़रूरी है... वैसे तो, इनकी 'जस की देह को जरा मरन नहीं होय!'
(पिछले साल सत्य हिंदी.कॉम में प्रकाशित)





गुरुवार, 10 सितंबर 2020

द्वार‍िका प्रसाद म‍िश्र: सत्ता की चमक, सत्ता का नशा

  •  मनोहर नायक 

द्वारिका प्रसाद मिश्र का स्वतंत्रता सेनानी और उस दौर के बड़े नेता के तौर पर आदर रहा है... लेकिन लोकल पैट्रीअटिज़म (patriotism) के नाम पर कसीदे पढ़े जाना उचित नहीं है, तर्कसंगत और संतुलित होना और ज़रूरी है। कांग्रेस सदैव मध्यमार्गी पार्टी के बनिस्बत एक जमावड़ा रही है, जिसमें धुर वामपंथियों से लेकर दक्षिणपंथी, समाजवादी, उदारवादी और ठेठ कांग्रेसी सभी सहअस्तित्व और सहअलगाव के साथ गुज़र करते रहे... इनमें मुख्यत: मिश्र, मालवीय, टंडन, शुक्ल आदि का झुकाव दाहिनी ओर था पर वे सब संघ समर्थक थे, ऐसा भी ज़रूरी नहीं। सरदार पटेल गांधीजी से वचनबद्ध थे और नेहरूजी से पुरानी कामरेडरी थी, इसलिए वे नेहरूजी के तरफ़दार और अनुकूल बने रहे, वरना वे भी दायीं बाजू झुके हुए थे.. संगठन पर उनका क़ब्ज़ा था, जिसके कारण जवाहरलाल के चाहते हुए भी समाजवादियों को कांग्रेस से बाहर होना पड़ा था, एक समय तो वे संघ का कांग्रेस में विलय भी कराना चाहते थे, जो सौभाग्य से नेहरूजी के कारण नहीं हुआ।
राजेंद्र बाबू का सोमनाथ प्रसंग तो बहुचर्चित है ही...पटेल के परिदृश्य से जाने के बाद नेहरू समाजवादियों को बुलाते रहे ताकि मध्य और वामपंथियों का कांग्रेस में पलड़ा कुछ भारी हो और वे अपने 'साइंटिफ़िक टेम्पर’ के विचार पर तेज़ी से आगे बढ़ सकें, पर लोहियाजी के कारण यह संभव न हुआ... लोहियाजी विलक्षण मेधावी और प्रखर राजनीतिक थे, आमजन से लेकर बुद्धिजीवियों तक उनका असीम प्रभाव था, जो उन्होंने अंध-नेहरू और कांग्रेस विरोध में उल्खर्च दिया, मेरे हिसाब से इस तरह स्वतंत्रता के बाद इंदिरा गांधी नहीं , राममनोहर लोहिया भारतीय राजनीति के पहले प्रतिहिंसक राजनीतिक थे...  उनकी तरह नेहरूजी के घोर विरोधी कृपलानी और मसानी भी थे पर लोहियाजी का मामला my way is high way वाला था इसलिए दोनों किनारा कर गए... जेपी, अच्युत पटवर्धन और अशोक मेहता तो ख़ैर विरोधी होते हुए भी लोहियाजी जैसे कटु नहीं हो सकते थे, इसलिए ये क्रमश: सर्वोदय, अध्यात्म और कांग्रेस में चले गये।
इससे हुआ यह कि नेहरू कमज़ोर पड़े, इस अर्थ में भी कि संघ हर तरह से उन्हें हर बात का दोषी ठहराने में लगा हुआ था, लोहियाजी के अंधाधुंध विरोध ने उसकी मदद की |  इंदिराजी के बाद तो कांग्रेस में भी नेहरू एक हद तक दरकिनार  हुए... सामने सिर्फ़ इंदिरा-राजीव-सोनिया  रह गए | इससे जिस नेहरू को आज़ाद भारत में लोकतंत्र व धर्मनिरपेक्षता का सबसे बड़ा प्रतीक बनना चाहिए था, वे सारी बुराइयों की जड़ मान लिये गये... वह तो उनका किया-धरा-बनाया हुआ इतना है कि उनकी हस्ती मक़बूलियत से क़ायम है। इससे पहले नेहरू के ख़िलाफ़ आवाज़ द्बारिका प्रसाद मिश्र ने उठाई, जनसंघ के अध्यक्ष के लिए उनका नाम हवा में था ही... मूल योजना में कहते हैं तीन लोग थे, रविशंकर शुक्ल, गोविन्द दास और मिश्रजी। इनमें से दो ऐन मौक़े पर खिसक लिए और मिश्रजी बोलकर अड़धप में आ गए. वे कांग्रेस से बाहर कर दिए गए, पर वे संघम्-शरणम् होने की हिम्मत नहीं जुटा पाये, वे समाजवादियों की मदद से उपचुनाव लड़े, चुनाव चिन्ह था दीपक... उनके मुख्य चुनाव संचालक थे मेरे पिता गणेश प्रसादजी नायक और भवानी प्रसादजी तिवारी थे... जीतते-जीतते मिश्रजी कांग्रेसी तिकड़म से हार गए। कांग्रेस में वापसी पर शायद मढ़ाताल मैदान में स्वागत सभा हुई थी, जिसमें मैं गया था, पर कुछ समझ नहीं आया था, लेकिन घर में बड़ों की बातों से यह पता चला कि उनकी वापसी को वनवास से वापसी कहा गया था, क्योंकि वे एक दशक से अधिक कांग्रेस से बाहर रहे।
मिसिरजी ने राजनीति में  सकल कर्म किये.... बदले की भावना उनमें कूट-कूट कर भरी थी... गोविन्द-द्बारिका की एक ज़माने में प्रसिद्ध जोड़ी के टूटने और गोविन्द-परिवार से बदले को लेकर अनेक कहानियाँ चर्चित रही हैं, बखरी के बरक्स उन्होंने बिड़ी वालों का गुट खड़ा किया।
मिश्रजी में अतिशय दम्भ भी था, जिसे कई बार ग़लती से स्वाभिमान समझ लिया जाता था। बहरहाल, वनवास से लौटने पर उन्हें राजपाट भी मिला। मिश्रजी सत्ता के व्यक्ति रहे हैं। सत्ता से उनमें चमक आती थी, और नशा भी। सत्ता की इस चमक को भोलेभाले पत्रकार लोकप्रियता मान बैठते हैं। पत्रकार कुंजबिहारी पाठक के तो वे 'प्रदेश प्राण’ थे, जो कि शायद वे कभी नहीं रहे, हाँ प्रदेश के महज़ मुख्यमंत्री ज़रूर रहे। उनके काल में घोटाले हुए। बस्तर गोलीकांड में आरोपों में घिरे। यह कांड उनके अहम् का ही विस्तार था। चुनाव धांधली  में ग्रस्त हुए... लोकप्रियता का आलम यह था कि उसी दौरान तिलक भूमि तलैया की सभा में जनक्षोभ के कारण उन्हें भागना पड़ा, चप्पल भी छूट गयी। वृंदावन दुबे आड़ करते हुए उन्हें निकाल ले गए। जाते-जाते मिश्रजी धमका गये, कि मैं जानता हूँ कौन कर रहा है यह, मैं देख लूंगा। इसका बदला उन्होंने जबलपुर और महाकौशल से लिया, उनके कार्यकाल में कोई विकास कार्य यहां नहीं हुआ।
यह उनका अहंकार ही था जिसके कारण वे सरकार से हाथ धो बैठे। दिलचस्प यह कि यह कारनामा उसी जनसंघ ने किया जिसके वे अध्यक्ष बनने वाले थे। संंविद सरकार का तिलिस्म लोहियाजी का रचा हुआ था। मधु लिमये इस प्रयोग में जनसंघ का साथ न लेने के लिए डाक्टर लोहिया से आग्रह करते रहे पर ग़ैरकांग्रेसवाद के प्रणेता बहुत जल्दी में थे।
राजनीति की विडम्बना देखिये... जाने - अनजाने, लोहियाजी ने मध्यप्रदेश में तो कम से कम कांग्रेस के नेहरू-विरोधी, उस दक्षिणपंथी ख़ेमे के एक नेता, मिसिरजी को , ध्वस्त कर दिया, जिसने समाजवादियों को कांग्रेस से बाहर किया था। यह लिमये ही थे जिन्होंने जनसंघ की दोहरी सदस्यता के मामले को ऐसा तूल दिया कि भावरूपेण जनता पार्टी फिर अपने घटकों में फ़र्द- फ़र्द  हो गयी और तब जनसंघ भाजपा के नाम-रूप में उभरी। वैसे जनसंघ कुछ समय और जनता पार्टी में रहता, पर अंतत: मुझे अलग होना ही था, क्योंकि उसका अपना संघ वाला कट्टर राष्ट्रवादी-हिंदुत्ववादी सूत्रबद्ध एजेंडा था, जनता पार्टी तो उस दिशा में उसका एक पड़ाव या क़दम था।
यह भी ग़ौरतलब है कि मिश्रजी आगे चलकर कांग्रेस हाईकमान में प्रमुख व्यक्ति बने, जबकि जबलपुर ही नहीं प्रदेश में कांग्रेस की जो हालत है उसके बीज उन्होंने ही बोये। बरसों बखरी-पटेल गुट झों-झों करते रहे। आज दोनों खलास हैं। हालत यह है कि उनके बाद महाकौशल से कोई मुख्यमंत्री ही नहीं बना। उनका एक शगल बाहर से लोगों को प्रदेश में बैठाना था। विश्वविद्यालयों में ऐसा वे करते रहे। बिहार के मुंदर शर्मा संपादक बन गए पर मिसिरजी ने उन्हें पीसीसी का अध्यक्ष भी बनवा दिया। इंदिरा के ज़माने  में जनाधार वाले नेताओं के बदले  संगठन में अपने मोहरों को ऊंचे पदों पर बैठाना आम चलन था | कांग्रेस जब विभाजित हुई तब ज़्यादातर बुजुर्ग, निजलिंगप्पा, कामराज, अर्स सब संगठन कांग्रेस में थे। इंदिरा गांधी को भी अपने ख़ेमे की प्रामाणिकता के लिए कुछ खूसट सीनियरों की ज़रूरत थी। इनमें दो उन्नावी टेलेंट उन्हें मिले, मिश्रजी और उमाशंकर दीक्षित। मिसिरजी ने यहाँ वही काम किया जिसमें वे माहिर थे- उठाने-गिराने का काम, मोहरों की अदला-बदली का काम। 'दिनमान’ उन्हें 'कलह विशेषज्ञ’ लिखता रहा। इंदिरा गांधी पर कांग्रेस के ओजहरण, उसे कठपुतली पार्टी बना देने का आरोप है। क्या इसका कुछ हिस्सा उनके सलाहकारों को समर्पित नहीं करना चाहिए? सत्ता ही मिश्रजी की बैटरी थी, पार्टी जब ताक़तवर थी, तब ही वे 'चाणक्य’  हो पाये।
मिश्रजी पढ़े-लिखे अत्यंत समझदार नेता थे। राजनीति, शासन, पत्रकारिता, साहित्य सबके अनुभवी, अंतरदृष्टि सम्पन्न। एक ज़माने में जुझारू भी रहे होंगे। किताबें लिखीं, महत्वाकांक्षी 'कृष्णायन’ पर आरोप लगे। ग़ालिब के शेरों का दोहाकरण बेहद दोयम दर्ज़े का काम था। अपनी आत्मकथा लिखी। मिश्रजी का मामला स्वतंत्रता संग्राम के कई रत्नों जैसा है, जिन्हें सत्ता ने धुंधला कर दिया। किसी का भी मूल्यांकन समग्र और सर्वांग होना चाहिए। मिश्रजी का जो पक्ष ज़्यादा उजागर है वह कम से कम गौरवान्वित करने वाला तो नहीं है | हाँ, मुख्यमंत्री, मंत्री, कुलपति, प्रशासक, आयुक्त होना भर अगर गौरव से भरने के लिए काफ़ी है, तो अलग बात। किसी को भी वाजिब श्रेय देना ही श्रेयस्कर है। इन जैसे किरदारों से एक ठीकठाक कालांतर हो चुका है, तो उनको विश्लेषक दृष्टि से देखा जाना चाहिए। जो त्याग-तपस्या की उसके लिए उन्हें पर्याप्त पद-प्रतिष्ठा मिली।
मिश्रजी अंतिम वर्षों में शहर के सीमांत में 'उत्तरायण’ में रहते थे। कोई भी गणमान्य या सत्ता-पुरुष नगर में आता तो उनके पास उसका जाना होता और यह मुलाक़ात अगले रोज़ अख़बार में छोटी सी ख़बर बनती कि फ़लां ने पंडितजी से राजनीतिक मंत्रणा की। दिल्ली में जब उनका निधन हुआ तो मैं एम्स गया। एक कमरे में स्ट्रेचर गाड़ी पर उनका शव रखा था। हैरानी की बात कि वहां कोई भी नहीं था, सिवाय श्याम बिलोहा के। 
मेरी उनसे एक मुलाक़ात है। इमरजेंसी हट गयी थी, चुनाव की घोषणा हो चुकी थी। एक दिन ग्यारह बजे मैंं विश्वविद्यालय की तरफ से लौट रहा था कि साइंस कॉलेज के पास वृंदावन दुबे जी ने आवाज़ दी और कहा, दादा से मिलने चलो। वहां पहुँचे तो देखा मिश्र जी लॉन में टहल रहे हैं। दुबेजी ने तीन कोनों पर जाकर उनके चरण छुये पर उन्होंने आँख उठाकर नहीं देखा। फिर एक कुर्सी पर जब विराज गए तो उन्होंने फिर पैर पड़े, तब उन्होंने कहा, कैसे हो वृंदावन। दुबेजी ने जब मेरा परिचय कराया तो फिर वे मुझसे से बात करते रहे। पिताजी का स्वास्थ्य, हालचाल, आगे की योजना आदि की बातें पूछींं... मैंने उनसे पूछा कि कांग्रेस का यहाँ क्या होगा, तो तपाक से बोले, कांग्रेस हारेगी, फिर कुछ ठहरकर कहा, अगर भवानी तिवारी कांग्रेस से लड़ें तो टक्कर हो सकती है। ...पापाजी (तिवारीजी) के पास रोज़ ही जाना होता था, शाम को उन्हें बताया कि मिश्रजी ऐसा कह रहे थे, तो उन्होंने तम्बाकू फाँक कर, हाथ झाड़ते हुए कहा कि राज्यसभा हो आए, अब चुनाव में कौन पड़े।

गुरुवार, 27 अगस्त 2020

संतान सप्तमी: पुओं की मिठास के साथ माँ की स्मृति की मिठास और महक



  •  मनोहर नायक 

गायत्री नायक 

‘ माँ के मन में प्रार्थनाएँ ही प्रार्थनाएँ थीं ‘ ... ये हमेशा ,  हमेशा थीं , पर कुछ विशेष तिथियाँ  भी थी, जैसे   आज की भाद्र शु
क्ल सप्तमी की तिथि... सन्तान सप्तमी , इसे  संतान सातें भी कहते हैं । बच्चों के सुदीर्घ, स्वस्थ और सुखी जीवन के लिये माएँ इस दिन पूजा करतीं और प्रसाद में  पुए चढा़ये जाते , बड़े -बड़े पुए बनते और तीन,पाँच या सात का भोग  लगता । प्रसंगवश , नीलू रघुवंशीजी की सन्तान सप्तमी पर एक सुंदर कविता है ।... पुओं की मिठास के साथ माँ की स्मृति की मिठास और महक आज मन में घुलती  रही और जी यह लिखने का हो आया ...।

————
पोलैंड के महाकवि तादेउष रूज़ेविच अपनी पुस्तक ‘ विदा होती माँ’ में कहते हैं , ‘ जब कोई माँ अपनी आँखें फेर लेती है, उसकी संतान भटकने लगती है, एक ऐसी दुनिया में खो जाती है जो प्रेम और ऊष्मा से वंचित कर दी गयी है। कल मातृदिवस है।मुझे याद नहीं जब में बच्चा था तो क्या ऐसा कोई सरकारी दिन हुआ करता था... जब में बच्चा था तो प्रत्येक दिन मातृदिवस था, प्रत्येक सुबह मातृदिवस होती थी और दोपहर और शाम और रात।... इस समय जब में इन शब्दों को लिख रहा हूँ, माँ की ख़ामोश आँखें मुझ पर टिकी हैं— मेरे हाथ पर इन गूंगे अँधे शब्दों  पर ।...हमारी माँओं की आँखें, जो दिलों और विचारों को भेदती हैं, हमारा अंत:करण है, वे  हमें  परखती हैं और प्रेम करती हैं...प्रेम और चिंता से भरपूर— माँ की आँखें !’...
———
‘एक धूल भरी पीली दुपहरी में हम पहुँचे थे वहाँ  
बहुत दिनों से दिखाना चाहती थी माँ 
अपने बचपन का गाँव 
... माँ कितने आगे  
निकल जाती थी हम सबको छोड़ 
जैसे अपने बचपन में 
किलकारियाँ मारती हुई 
... पहाड़ वाला मन्दिर। 
घर के पास बावड़ी 
उसमें बचपन से हिलता हुआ पानी 
स्कूल, अस्पताल, हाट.......
माँ के बचपन का सब कुछ था वहाँ 
हर रोज़ 
सिर्फ़ माँ नहीं थी 
वह तो थी अपने बचपन में ।’  
मंजूषा निलेकर की यह कविता जब पढ़ी थी तब एकदम वह दृश्य आँखों में घूम गया जब माँ इलाहाबाद आयीं थीं और मैं उन्हें महिला विद्यापीठ लेकर गया था, जहाँ माँ चौदह साल रहकर पढ़ीं थीं, छठी से लेकर एमए तक।  विद्यापीठ में घुसते ही उमंगित-तरंगित माँ जैसे एकाएक अपने बचपन के , विद्यापीठ के दिनों में लौट गयीं...न जाने कहाँ से उनमें नयी स्फूर्ति  आ गयी, वे एक के बाद एक चीज़ें बताने लगीं... मनोहर ये ऑफ़िस, ये वो कमरा जहाँ शाम को गुरुजी  की साहित्यकारों के साथ गोष्ठी होती थी और भक्तिन आवाज़ लगाती थी ,’ गायत्री भैया गुरूजी बुलावत हैंई’ , और यह भक्तिन की रसोई,इसमें केवल मैं ही जा सकती  थी... और यह मेरा कमरा , मैदान में यह कुआँ, इसकी जगत पर बैठकर मैं सितार का अभ्यास करती थी... माँ बताये जा रही थी, वे उस परिसर की ख़ुशबू,ध्वनियों , दृश्य-दृश्यांतरों और वातावरण को अपने भीतर समा लेना चाहती थीं ।यह इत्तफ़ाक ही था कि माँ के एलगिन रोड की विद्यापीठ छोड़ने के इकत्तीस साल बाद में बगल की एडमॉन्स्टन रोड के पत्रिका हॉउस में ‘ अमृत प्रभात’ में नौकरी करने पहुँचा था। माँ(गायत्री नायक) और  दादा ( पिता गणेश प्रसाद नायक ) मेरे पास आये हुए थे । माँ १९३५ में विद्यापीठ  पढ़ने आयीं थीं ... लेकिन इस नौ साल की लड़की की कथा यहाँ से शुरू नहीं होती।

गोपाल प्रसाद-सरस्वती नायक की तीन संतानों में माँ सबसे छोटी थीं। वे २२ जनवरी १९२६ में जन्मी थीं। बड़े भाई राधिका प्रसाद, सावित्री मौसी और माँ ।माँ-पिता को बच्चे बाबू-बाई कहते थे।माँ मझंली बाई कहलाती थीं ,क्योंकि छह भाइयों में बाबू मंझले थे ।उनके बड़े भाई  गजाधर प्रसाद वैद्य थे । वे प्लेग के रोगियों का इलाज करते उसी से ग्रस्त होकर अल्पायु में नहीं रहे थे। उनकी दो संतानों में चंदा मौसी पाँच और जीवन मामा डेढ़ बरस के थे । मां की काकी, बड़ी बाई पच्चीस की थीं । छोटी-सी गोरी- चिट्टी बड़ी बाई को मन्ना(भवानी प्रसादजी मिश्र ) भारत माता कहते थे , दिल्ली में जीवन मामा मन्ना के पड़ोसी थे।बाबू ने बड़े भाई के परिवार को साथ रखा । बाबू कटनी से नैनी के बीच के स्टेशनों में स्टेशन मास्टर रहे। वे गाँधीजी के अनुयायी, राष्ट्रीय विचारों से ओतप्रोत व्यक्ति थे। पथरिया स्टेशन में रहते हुए उन्होंने हड़ताल करा दी थी । १९४२ में  स्टेशन की इमारत पर तिरंगा फहरा दिया था तो कुछ समय निलम्बित रहे, बाद में दंडस्वरूप छोटी  स्टेशनों पर ही नियुक्ति मिली। वे बेहद कार्यकुशल, मिलनसार , उदार, और सबको साथ लेकर चलने वाले  व्यक्ति थे और अपने समय से आगे की सोच वाले ।जब उन्होंने बड़ौदा की आर्य कन्या विद्यालय की छात्राओं की जबलपुर में प्रभात फेरी देखी तो उससे इस कदर अभिभूत हुए कि अपनी छोटी-छोटी बेटियों को , जो उस समय पिता के  साथ स्टेशन पर सिगनल अप-डाउन करतीं, ड्राइवरों को गोला देतीं, मुसाफ़िरों को पानी पिलातीं या किसी ट्रेन से एक-दो स्टेशन जाकर दूसरी से लौट आतीं, पढ़ने के लिये बड़ौदा भेज दिया। वहाँ वे साल-डेढ़ साल रहीं। वे  वहाँ ख़ूब मज़े से रहीं ,बतातीं थीं कि बहुत दूध मिलता था, डकार लेकर , थोड़ा  टहलकर और पी लेते  थे।१९३५ में महादेवीजी  ने इलाहाबाद में महिला विद्यापीठ शुरू किया तो दोनों बहनें वहाँ आ गयीं , क्योंकि बाबू तब नैनी में थे, बड़ौदा दूर था, खानपान , भाषा आदि की परेशानी थी। विद्यापीठ छात्रावास की माँ - मौसी पहली छात्राएँ थीं।  वे नवरात्र के दिन थे,मैं जबलपुर आया हुआ था,टीवी पर पंडालों में चल रहे गरबा नृत्य को दिखाया जा रहा था, एकाएक  माँ ने कहा, मनोहर आज के फ़िल्मी गानों पर होने वाले गरबा को देखकर कोई विश्वास नहीं करेगा कि बड़ौदा में बहत्तर साल पहले हम छोटी-छोटी लड़कियाँ क्या गाते हुए गरबा करते थे...यह कहते हुए वे गाने लगीं,’ देसड़िया नी भाजे गंधीजी अवे गांड्यो थयो ‘..... गरबा करते हुए ये बच्चियाँ गाती थीं—ये गाँधी तो देश के लिये पागल हो गया है।

माँ का टीपना (कुंडली) का नाम लोकप्रियाबाई था। वे लोकप्रिय थीं भी। हॉस्टल में ८० लड़कियाँ थीं। माँ  का रुआब अलग था ।पहले उन्होंने गायन लिया था , पुणे के सदाशिव दत्तात्रेय   आप्टे संगीत  शिक्षक थे। क्लास में उनकी सीट नियत थी, वहाँ कोई नहीं बैठता था। भक्तिन की रसोई में केवल वे ही जा सकती थीं , छात्रावास में कोने का कमरा उनका था , साफ़ -सुथरा। उनके साथ  रीवां की कुसुम वर्मा , जबलपुर  की शकुन तिवारी व  बनारस की रुक्मणि गुप्तारहती थीं ... छात्राएँ इस कमरे को ‘ महल ‘ कहती थीं।बाबू सबके लिये लड्डू, भुट्टे आदि भेजते।भुट्टा खाने के बाद पीने के लिये एक बड़े बर्तन में ख़ूब सा मठा भेजते और हिदायत रहती कि सब मिलकर खाना।  महादेवीजी कामाँ पर इतना अधिक स्नेह  और बाई-बाबू इतना विश्वास कि सुदूर मणिपुर,असम ,बंगाल आदि की छात्राओंको छुट्टियों में गुरुजी बाबू के पास ही रहने भेज देतीं ।रीवां की कुसुम मौसी, जबलपुर की शकुन  मौसी आदि से अंत तक घनिष्ठता बनी रही , माँ को कई  छात्राएँ  जिज्जी कहतीं ।  संयोग से उस दिन  माँ को विद्यापीठ में पुरानी सखी लक्ष्मीजी  मिल  गयीं।उनके पति आत्माराम शाह माँ को गायत्री अक्का कहते थे... शाम को हम उनके घर गये थे , उनकी छत तो बोनसाई का बाग़ीचा थी। रहते- पढ़ते हुए वे गुरुजी के निकट आती गयीं।  अनेक काम उनकी ज़िम्मेदारी हो गये। छात्रावास की सारी लड़कियों के हालचाल जानना,इंचार्ज मैडम को बताना।शाम को सभी को डाक बाँटना। यही काम करते हुए उन्हें जबलपुर सेंट्रल जेल से दो क़ैदियों के पत्र मिले थे, जिन्हें वे नहीं जानती थीं,इनमें एक थे भवानी प्रसादजी तिवारी और दूसरे थे गणेश प्रसादजी नायक।ये चाहते थे कि माँ उन्हें नियमित रूप से बाहर की गतिविधियों के बारे में लिखती रहें,माँ यह करती रहीं। तिवारीजी तो माँ के बड़े भाई से रहे, माँ उनके परिवार की सदस्य ही थीं। नायकजी से १९५० में माँ का विवाह हुआ, इसकी अलग कथा है माँ बताती तीं कि स्वतंत्रा संग्राम से जुड़े परिवारों की लड़कियां विद्यापीठ में  महादेवीजी के संरक्षण  में पढ़ती थीं ... विद्यापीठ में एक बड़ा काम यह था कि शाम को महादेवीजी के मेल-मुलाक़ातियों और गोष्ठियों के लिये चाय आदि का इंतज़ाम करना, इसी काम के लिये भक्तिन ‘गायत्री भइया’ की टेर लगाती थी। गुरुजी माँ से पूंछती, तुमने पी...  इस तरह माँ ने बीए से चाय पीनी शुरू की । इन बैठकों मे निरालाजी, पंतजी आदि अक्सर आते थे। एक बार निरालाजी छात्रावास में आये। वहाँ वे यह कहते हुए आये कि ‘शेर की माँद मे आ गया है सियार ।’ गुरुजी ने कहा , गत्ती सितार अच्छा बजाती है,माँ ने निराला जी को पहले उन्हीं का गीत ‘ फिर संवार सितार लो ‘ सुनाया,फिर उसके बाद सितार।
गणेश प्रसाद नायक

मौसी दसवीं पास करने तक वहाँ रहीं, फिर उनका विवाह हो गया।  दोनों लड़कियों के दसवीं पास करने पर बाबू ने , जो  उस समय डभौरा में थे,पूरे गाँव को भोज दिया था। लड़कियों का उस ज़माने में इतना पढ़ना बड़ी बात थी ।माँ ने वहाँ रहते हुए एमए किया।माँ को रोकने के लिये गुरुजी ( महादेवीजी )ने उन्हें पढ़ाने का काम दे दिया,वे ‘४८ तक वहाँ रहीं। बाबू  माँ का नाम हमेशा गायत्री नायक  एम.ए. लिखते । माँ के सवसे छोटे चाचा  राम प्रसाद नायक, नन्हें कक्का थे। वे इलाहाबाद विश्व विद्यालय से हिंदी में पीएचडी कर रहे थे। दसवीं के बाद उन्होंने माँ को इलाहाबाद  के सिलाई-बुनाई विद्यालय में डालने का तय करके माँ को लेने आये। ट्रेन में बैठी माँ रो रही थीं कि और पढ़ा है , बाबू उन्हें समझा रहे थे कि हम तुम्हें पढ़ायेंगे , अभी नन्हें भैया की बात मान लो... संयोग यह हुआ कि वहाँ पहुँचकर पता कि वह विद्यालय प्रौढ़ और विधवा स्त्रियों के लिये है तो कक्का उल्टे पाँव लौट आये । बाद में एक बार और यह  हुआ कि बाबू ने उन्हें लखनऊ के मॉरिस कॉलेज भेजा ,जीवन मामा भी मेडिकल में दाखिला लेने गये थे , उन्हें प्रवेश नहीं मिला तो दो महीने बाद लौट आये, लेकिन इस बीच माँ को मॉरिस कॉलेज की  साप्ताहिक सभा में सितार बजाने मिलने लगा और वे जानी जाने लगीं । बाबू संगीत प्रेमी थे, माँ को पहला भजन जो उन्होंने सिखाया वह था , ‘ बाज रही गिरधर की मुरलिया ।’ बाबू विनोदी भी थे , बाई हरितालिका तीज का  व्रत रखती  और पकवान बनातीं, बाबू उनकी मदद  करते हुए गाते ‘ कैसे बने पकवान , आज हम तीजा उपासे।’
इंटर से माँ ने सितार भी एक विषय के रूप में लिया, और वह उनके क़रीब आता गया। गाना आप्टे जी और सितार एसआर मावलंकरजी सिखाते। कॉलेज के वाद्यवृंद में वे साड़ी पहन कर जलतरंग भी बजातीं । गुरुजी को बिन बताये चुपचाप इलाहाबाद विश्व विद्यालय की संगीत प्रतियोगिता में हिस्सा लिया,निर्णायक उस्ताद अलाउद्दीन खान थे, माँ प्रथम आयीं, नियमानुसार  विश्वविद्यालय के संगीत जलसे में पहली प्रस्तुति उनकी हुई।लखनऊ के मॉरिस कॉलेज से स्वाधंयायी छात्रा के रूप में  मध्यमा और विशारद की क्रमशः प्रमाणपत्र और उपाधि परीक्षाएँ प्रथम  श्रेणी में पास कीं ।मध्यमा में परीक्षक बाबा अलाउद्दीन थे। डेढ़ घंटे परीक्षा ली ,कोर्स की सभी रागें पूछीं,फिर बोले क्या सुनाओगी ,माँ ने कहा ‘ श्री ‘ तो आश्चर्य से बोले गा लोगी, सुनी तो प्रसन्न हुए। मॉरिस कॉलेज के  कुलपति रातन्जनकर जी थे,माँ को पहले सुन चुके थे। उन्होंने मावलंकरजी से पहले ही कह दिया कि तेरी स्टुडेंट पहले नंबर आयेगी।हुआ भी यही। बीए में भी संगीत एक विषय था । बनारस में  परीक्षा थी  ,परीक्षक थे विनायकराव पटवर्धन। उन्होंने माँ से कहा था कि सितार कभी न छोड़ना।बीस वर्ष बाद परीक्षक होकर भातखंडे विद्यालय, जबलपुर आये तो वहाँ की सितार शिक्षिका माँ को एकदम पहचान गये। गुरुजी का माँ पर विशेष स्नेह था  इसलिये  चिंतित रहती कि सितार के कारण यह पढ़ाई में न पिछड़ जाये,क्योंकि माँ समय मिलते ही घंटों सितार बजातीं। कुएँ की जगत पर  रियाज़ करते रात दो बज जाते। जीवन मामा ने थोड़ा तबला सीखा था।  माँ छुट्टी में घर आतीं तो सुबह चार बजे उठकर राग की अवतारणा के लिये नहाकर गीले वस्त्रों मे सितार बजाती, मामाजी को ठेका देना पड़ता। एमए में माँ जब सेकेंड डिवीजन पास हुईं तो गुरुजी ने उनसे  रिजल्ट देखने के बाद पैर छुआये  ईनाम में किताबें दीं। झूठी शिकायत पर एक बार उन्हें डाँट दिया फिर मनाने के लिये कहा कि , ‘ गत्ती प्यार तुम्हें करती हूँ तो क्या चौकवाली लड़की को डाँटने जाउँगी । ‘ इलाहाबाद पहुँचकर जब मैं उनसे मिला और परिचय दिया तो बोलीं अरे तुम तो मेरे नाती हो।उनके परिवार के रामजी पांडे मेरे गहरे मित्र थे इस कारण भी गुरुजी से ख़ूब मिलना होताथा।माँ के स्नेह में वे बँधी थी। ज्ञानपीठ लेने वे दिल्ली आयी थीं। जनसत्ता के रविवारी सम्पादक , मेरे मित्र  कवि मंगलेश डबराल ने ऐन समय कहा महादेवीजी से इंटरव्यू कर लो। रात जब पहुँचा तब वे आराम करने की तैयारी मे थी। फ़ौरन तैयार हो गयीं। कोई शुरुआती कविता हाथ से लिखकर देने को कहा तो जो दी  , उसे देख मैंने कहा कि यह छप चुकी है, तो दूसरी लिखकर दी । दूसरे दिन छोटी सी रागिनी को लेकर मैं और रंजना उनसे मिलने गये तो ख़ूब ख़ुश हुईं और रागिनी को खिलाती रहीं।पंडित रविशंकर का १९९५ में ७५वीं जयंती थी। अभय कुमार दुबे के साथ  ‘समय चेतना’ पत्रिका निकाली थी। शनिवार छुट्टी के दिन पंडितजी के यहाँ  बिन पहले से समय लिये इंटरव्यू के लिये पहुँच गया। वहाँ ताँता लगा था। अगले दिन पंडितजी अमरीका जा रहे थे। मैंने इंटरव्य की फ़रमाइश की जिसे नकार दिया गया। वे कुछ काग़ज़ दखने लगे , मैं खडा़ रहा। वे फिर बोले नहीं हो सकेगा....मैंने कहा मैं तो यह सोच रहा था कि जबलपुर में सुशीलचंद्र पटैरिया के यहाँ जब पहली बार आपके दर्शन किये तब मैं सात साल का था.... पंडितजी बोले, क्या मिसेज पटैरिया अब भी सितार बजाती हैं ,मैंने कहा यह तो नहीं बता सकता ,पर हाँ उन्हें मेरी माँ सितार सिखाती थीं, पंडितजी बोले , अरे तब तो तुम्हारी माँ से मिला हूँ मैं,अच्छा सिखाती थीं,मैंने नोट्स देखे थे ....अच्छा अब जाना तो दोनों को मेरा आशीर्वाद कहना... जबलपुर भी क्या शहर था, लोग रिकॉर्ड की बात करते हैं ,डॉ हर्षे के यहाँ मैंने दस घंटे लगातार बजाया था।....कहना न होगा पंडितजी ने बीच-बीच में समय निकालकर घंटे भर से ज़्यादा बात की।  यह सब माँ के कारण हो पाया। 
विनोबा भावे के समक्ष स‍ितार वादन 

माँ के जीवन में महादेवीजी, विद्यापीठ का महत्त्वपूर्ण  स्थान है। विद्यापीठ की ओर से सभा- समारोह में राष्ट्रीय गीत आदि गाने जाती। हिंदी साहित्य सम्मेलन के एक समारोह में वे वंदेमातरम् गाने गयीं  थीं , छोटी कक्षा में थीं तो मंच पर गाँधीजी ने हाथ पकड़कर पूछा, वंदे मातरम् गाओगी , माँ ने हामी भरी तो पीठ पर प्यारी धौल जमाते हुए उन्होंने कहा, ज़ोर से गाना !  ऐसी ढेरों यादें हैं ।कुछ क्लासें गुरुजीहा कि क घर पर  लेतीं थीं।माँ बतातीं कि वे ख़ूब खिलातीं और फिर ‘ पेटू ‘कहकर   खिलखिलाकर हँसतीं। माँ अन्य छात्राओं के साथ जब परीक्षा देने बनारस जातीं तो कहतीं , होली पर भाग आना... धुलेड़ी को उनका जन्मदिन पड़ता था । इस दिन सबको वे गुलाल लगातीं और रंगबिरंगे चेहरों को देख ख़ूब हँसतीं ।रात को सबके साथ मेस हलुवा, पुड़ी,  रायता खातीं और सबसे गले मिलतीं , बड़वानी की दुबली - पतली मन्नो बहिनजी से थोड़ा ही मिलतीं, कहतीं तुम्हारी  हड्डियाँ गड़ती  हैं , लेकिन दोहरे बदन की  शैल बहिनजी से देर तक  मिलती । माँ की पढ़ाई से आश्वस्त होने पर और सितार के प्रति लगन  देखकर  वाद्य विशारद की परीक्षा के लिये  संगीत शिक्षक के साथ लखनऊ भेजा और अपनी सहेली कवयत्री तोरनदेवी लली के यहाँ ठहरने  की व्यवस्था करायी। माँ पाँच छात्राओं के साथ एमए की परीक्षा देने  गयीं थीं । बीएचयू के ‘ नगवा ‘ हॉस्टल  में इन्हें ठहराया गया था  । हड़बड़ी में जो  दही पेड़ा दिया गया , वह नहीं खाया ...बाद में पता चला कि दूध में मरी छिपकली मिली थी ।शाम को कमरे पर आकर मालवीयजी ने कहा कि कुछ अनर्थ हो जाता तो मैं  महादेवीजी को  क्या मुँह दिखाता । माँ को एमए की उपाधि मालवीयजी, नेहरूजी और राधाकृष्णन की उपस्थित में मिली। विनोबा ने सितार सुनकर उन्हें हमेशा सरस्वती कहा।एक समय लखनऊ,इलाहाबाद और फिर जबलपुर में उनके बहुत कार्यक्रम होते थे।माँ ने ४६ में एमए  कियपर गुरुजी ने रोक लिया । वहाँ प्रशिक्ण  का कोर्स करते हुए दो साल पढ़ाती रहीं। वहाँ क्लास लेना पहले शुरू कर दिया था। उस समय लड़कियीं को पढ़ाने का चलनन  वहीं था। बाबू को भी तानें सुनने पड़ते कि क्या लड़की से नौकरी करानी है...आर्थिक  बोझ भीथा। कमरे का किराया और शिक्षण शुल्क तीन -तीन रुपये और मेस पहले बारह से फिर बीस रुपये हो गया था ।गुरुजी की अनुमति से पहले तीसरी  कक्षा को पढ़ाने लगीं तो कमरे का किराया माफ़ हो गया। धीरे -धीरे पढ़ाने के घंटे बढ़ाते हुए उन्होंने सारे शुल्क माफ़ करा लिये। 
महादेवी वर्मा के साथ दायीं ओर गायत्री नायक एवं बायीं ओर चंद्रप्रभा पटेर‍िया 


माँ को बाई-बाबू के गुण मिले। वे शांत पर दृढ़प्रतिज्ञ थीं। कर्मठता तो जैसे साकार। दादा-माँ के विवाह में विवाद था पर बाबू ने माँ की मानी । पिता के परिवार की भागीदारी नहीं हुई। भवानी प्रसाद तिवारी के घर से विवाह हुआ, रात को बिसमिल्लाह खान की शहनाई बजी। प्रहरी पत्रिका मे बैनर था ‘गणेश गायत्री के विवाह का हाथी झूमता निकला’। बाद में अपने कामों से, सरोकारों और स्वभाव से उन्होंने सबका दिल जीत लिया ।हमारी आजी, जिन्हें जिज्जी कहते थे,माँ जिस रोज़ सितार न बजायें तो कहतीं, काय री आज नई बजाओ ! उन्हीं ने ज़ोर दिया तो माँभातखंडे विद्यालय में शिक्षिका बनीं।यह विद्यालय स.भ.देशपांडेजी की कल्पना थी। वे , पंचभाईजी, धनोप्याजी वहाँ माँ को चाहते थे। देशपांडेजी के बाद माँ प्राचार्या बनी। तब उन्हें यह बात सालती थी कि जैसे उन्होंने देशपांडे जी से उनका विद्यालय छीन लिया हो। देशपांडेजी की विदाई के दिन कॉलेज संचालन समिति के अध्यक्ष भवानी प्रसाद तिवारी के भाषण से उन्हें राहत मिली। तिवारीजी ने कहा कि हम गुरुओं को विदा नहीं करते, बल्कि उनसे निवेदन करते हैं कि-पुनरपि आगमनाय-फिर पधारिये।
माँ घर-बाहर कामों में लगी रहतीं।घर में मेहमानों का आना लगा रहता। साल भर की पापड़, बड़ियाँ, कई तरह के अचार, मुरब्बे,अन्य तीज त्योहारों पकवान बनातीं । भातखंडे शामतीन बजे जातीं ,साढे आठ तक लौटतीं। मीटिंग के लिये खैरागढ़ और परीक्षाएँ लेने अन्यान्य शहरों का आना-जाना लगा रहता । प्राचार्या बनी तो यूजीसी,दिल्ली व भोपाल के चक्कर लगते रहते। विद्यालय के काम को , उसके यश को ख़ूब आगे बढ़ाया, कोई कसर न छोड़ी। पिता का सार्वजनिक - राजनीतिक जीवन था , उनके मित्र, बाहर के कार्यकर्ता आते, और वह ज़माना भी ऐसा था कि,’ रात एक बजे भी रिक्शे पर बिस्तर बंद- बक्से लादे / आने वाले रिश्तेदारों को कोई संकोच नहीं होता था ‘.... कई बार रात में चूल्हा जलता। दोनों की आमदनी सीमित पर निर्वाह किया जाता, पिता माँ को ‘ अन्नपूर्णा ‘ कहते ।दादा का एक पांव घर में और एक बाहर होता,माँ को ही सब कामों में पहल करनी पड़ती । मेरी नौकरी के समय दादा मीसा में बंद थे तो माँ ने ही  उनसे कहा  स्वीकृति दे दो, मंजु-अनुपम का विवाह  भी इसी दौरान तय हुआ, रंजना के पिता जब बात चलाने आये तब पिता हैदराबाद जाने की तैयारी में व्यस्त थे, माँ ने उन्हेंं मेरे नाम पत्र देकर कहा कि आप  इलाहाबाद होकर मनोहर से मिलते हुए जाइये। अम्मीजी( तिवारीजी की पत्नी) ने जयप्रकाश का रिश्ता बताया जिसे माँ ने स्वीकारा। अमर का विवाह तो दादा के जाने के बाद ही हुआ। मीसा वाला काल बेहद सख़्त था, वे घोर अभावों के दिन थे, माँ पर उधारी बहुत हो जाती। पर माँ ने धीरज कभी नहीं खोया,न हिम्मत हारी।दादा की गिरफ़्तारी के बाद की जन्माष्टमी पर आरती करते हुए  उनका मन भर आया , कंठ अवरुद्ध हो गया पर यह भी कृष्ण जन्म ,बंदीगृह की कथा  के स्मरण से उपजा उद्वेग था, हिम्मत का टूटना नहीं ।अंतिम दिनों में कहती थीं, बाई- बाबू की बहुत याद आती है,और गातीं,’ गोपाल तुम्हारी वीणा ने छेड़ी यह तान निराली है , जिसकी धुन मोहक है सबको मदमस्त बनाने वाली है /तुमने सचमुच नायक होकर यह अनुपम सुयश कमाया है/ जो लता शुष्क थी उसका तुमने जीवन सरस बनाया है’।— बाबू ने १९३० में अपनी बालविधवा चचेरी बहन सुमित्रा का पुनर्विवाह किया था तब सम्राट उपनामधारी कवि ने उनकी प्रशस्ति में इन पंक्तियों वाली कविता लिखी थी, हालांकि बाबू को जाति से बाहर कर दिया गया था। इस शादी की एक पारिवारिक तस्वीर में चार साल की माँ फ्रॉक पहने फ़र्श पर बैठी हैं, इसे देखकर लगताहै कि माँ भी कभी बच्ची थी.... माँ  जबलपुर की  साँस्कृतिक गतिविधियों में  भाग लेतीं, ख़ूब अच्छा बोलतीं। उनका बहुत मान -सम्मान था । ‘सुरों के सहयात्री' नाम से संस्मरणों की पुस्तक लिखी । १५ जनवरी २०१२ को माँ हमसे विदा हो गयीं । माँ के फूल लेकर अपने मित्र ब्रजभूषण  शकरगायें के साथ  इलाहाबाद गया। सुबह अँधेरे पहुँचा,सिविल लाइंस की तरफ़ उतरकर पहले एलगिन रोड का रिक्शा किया... विद्यापीठ पहुँच कर माँ के फूल निकाले और गेट पर हाथों में फूल लिये कुछ मिनिट माँ का स्मरण करते हुए मौन खड़ा रहा।







खि‍लंदड़, खांटी, जीवंत और वैचारिकी से मजबूत सीताराम सोनी ने नुक्कड़ नाटक और जनगीत को कैसे बनाया लोकप्रिय

  सीताराम सोनी जैसे खि‍लंदड़ , खांटी , जीवंत और वैचारिकी से मजबूत व्यक्ति के जीवन का पटाक्षेप ऐसा होगा इसके बारे में किसी ने कभी सोचा नहीं थ...