पीएल संतोषी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पीएल संतोषी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 9 अगस्त 2023

पहले जबलपुरिया जिन्होंने हिन्दी सिनेमा में शोहरत पाई

प्यारेलाल श्रीवास्तव जिन्हें हिन्दी सिनेमा इंडस्ट्री में पीएल संतोषी (PL SANTOSHI) के नाम से पहचाना जाता है। वे संभवत: जबलपुर के पहले व्यक्ति थे जो हिन्दी सिनेमा इंडस्ट्री में सबसे पहले वर्ष 1936 में प्रविष्ट हुए और शोहरत भी पाई। पीएल संतोषी पहले ऐसे जबलपुरिया हैं जि‍न्होंने सर्वाध‍िक फिल्मों में काम किया और सर्वाध‍िक रूप से सफल हुए। संतोषी का जब फिल्म इंडस्ट्री में प्रवेश हुआ लगभग उसी समय अशोक कुमार हीरो बने। आज पीएल संतोषी को याद करने का दिन इसलिए है कि 7 अगस्त 1916 को उनकी पैदाइश जबलपुर में हुई थी। हिन्दी सिनेमा इंडस्ट्री के नामचीन डायरेक्टर राजकुमार संतोषी (RAJKUMAR SANTOSHI) पीएल संतोषी के पुत्र हैं। राजकुमार संतोषी ने घायल, दामिनी, अंदाज अपना अपना, खाकी, लीजेंड ऑफ भगत सिंह, लज्जा, अजब प्रेम की गज़व कहानी जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है।

पीएल संतोषी की हिन्दी सिनेमा में प्रविष्ट‍ि संयोग से हुई। जबलपुर में एक फिल्मी की शूटिंग हो रही थी। यूनिट को डॉयलाग अस्सि‍टेंट की जरूरत थी। ब्यौहार निवास पैलेस (बखरी) में रहने वाले संतोषी एक कुशल लेखक थे इसलिए फिल्म के दृश्य के लिए अतिरिक्त संवादों को लिखने का काम उनको मिल गया। मैट्रि‍क की परीक्षा पास करने के बाद पीएल संतोषी लगभग 18 वर्ष की आयु में तीस के दशक के मध्य में लेखक व गीतकार बनने की तमन्ना ले कर बंबई रवाना हो गए। बाद में उनकी पहचान हिन्दी सिनेमा इंडस्ट्री में निर्माता, निर्देशक, लेखक व गीतकार के रूप में बनी और वे प्रसिद्ध हुए।

वर्ष 1937 में पीएल संतोषी को जद्दनबाई की फिल्म मोती का हार फिल्म में कुछ गीत को लिखने का मौका मिला। वे कुछ फिल्मों में छोटी सी भूमिका में दिखे। पीएल संतोषी ने कुछ समय जद्दनबाई के सेक्रेटरी का काम भी किया। इस दौरान संतोषी ने जीवन सपना फिल्म के चार गीत लिखे। काम के सिलसिले में वे बंबई के स्टूडियो में भटकते रहे। प्रभात स्टूडियो में उनको ठहराव मिला और 1946 में पहली फिल्म ‘हम एक हैं’ का निर्देशन किया। इस फिल्म से ही हिन्दी सिनेमा के दो बड़े कलाकार देवआनंद व रहमान का पदार्पण हुआ। गौरतलब है कि रहमान जबलपुर में जब राबर्टसन कॉलेज में अध्ययनरत थे तब उनकी मित्रता पीएल संतोषी से हुई थी। रहमान भी ब्यौहार निवास पैलेस में रहते थे। एक तरह से रहमान पीएल संतोषी के फेवरेट बन गए। ‘हम एक हैं’ फिल्म में संतोषी के सह निर्देशक गुरूदत्त थे। 1950 में संतोषी ने राज कपूर को ‘सरगम’ फिल्म में निर्देश‍ित किया। संतोषी की निर्देश‍ित कुछ खास फिल्में हैं- शहनाई, ख‍िड़की, शि‍न श‍िनाकी बूबला बू, छम छमा छम, हम पंछी एक डाल के, बरसात की रात, दिल ही तो है। उन्होंने 21 फिल्मों का निर्देशन, 16 फिल्मों का लेखन, 100 फिल्मों में 350 गीतों को लिखा व 6 फिल्मों के गीत के साउंड ट्रेक पर काम किया और 1948 में खि‍ड़की व 1950 में अपनी छाया फिल्मों का निर्माण किया। संतोषी व सी. रामचंद्र की जोड़ी मधुर गीतों के लिए खूब लोकप्रिय हुई।

पीएल संतोषी का बम्बई सिने संसार में अत्यधिक सम्मान था। जिस तरह शांताराम बापू, रामचन्द्र चितलकर अन्ना साहब कहलाते थे,उसी तरह प्यारेलाल संतोषी को गुरुजी कहा जाता था। गुरुजी बहुमुखी प्रतिभा सम्पन्न थे। उनका लिखा गीत 'महफ़िल में जल उठी शमा परवाने के लिए / प्रीत बनी है दुनिया  में जल जाने के लिए' बहुत लोकप्रिय हुआ। 'निराला' फ़िल्म के इस गीत को लता मंगेशकर ने गाया था और संगीत दिया था सी. रामचंद्र ने। 

वर्ष 2019 में पहली मुख्यधारा की संस्कृत फिल्म ‘अहं ब्रह्मास्मि’ पीएल संतोषी को समर्पित की गई। राजकुमार संतोषी ने अपनी पहली फिल्म ‘घातक’ व ‘लज्जा’ अपने पिता पीएल संतोषी की याद में ही बनाई है।🟦

शुक्रवार, 23 जून 2023

फिल्म अभ‍िनेता रहमान का जबलपुर से क्या रिश्ता है

 

आज फिल्म अभ‍िनेता रहमान साहब को याद करने का दिन है। जी हां आज के दिन यानी कि 23 जून 1921 को उनका जन्म लाहौर में हुआ था लेकिन उनके जीवन में जबलपुर का विशेष महत्व हर समय बना रहा। रहमान की स्कूल के बाद की श‍िक्षा जबलपुर के राबर्टसन कॉलेज में हुई थी। राबर्टसन कॉलेज और जबलपुर में उनके रहने के ठौर ठिकाना व्यौहार निवास पैलेस ने रहमान के व्यक्त‍ित्व निर्माण में विशेष भूमिका निभाई।

रहमान फिल्म इंडस्ट्री के ऐसे खलनायक रहे जिन्होंने कभी ढिंशूम-ढिंशूम नहीं किया और न ही पिस्तौल चलाई लेकिन उनकी खलनायकी इस मामले में विश‍िष्ट रही कि जब भी वे सिनेमा के पर्दे पर आते दर्शक सतर्क हो कर बैठ जाते थे कि ये आदमी कोई न कोई चाल चलने वाला है। फिल्मों में नाइट सूट या फार्मल सूट के साथ पाइप या सिगरेट पीते हुए रहमान सधी व गहरी आवाज़ में अपने डॉयलाग बोलते थे, तब टॉकीज में लोग उनके एक एक लफ़्ज को सुनते थे। वक्त फिल्म में रहमान की चिनॉय सेठ की भूमिका और राजकुमार के राजा की भूमिका के बीच के संवादों को भला कौन भूल सकता है। प्यासा के घोष, साहब, बीवी और गुलाम के छोटे सरकार और चौदहवीं का चाँद के मजबूत नवाब की भूमिका में रहमान ने अभ‍िनय के नए झंडे गाड़े।

रहमान जिस परिवार में जन्मे वह एक रॉयल पश्तून खानदान था। इस खानदान की मित्रता जबलपुर के व्यौहार राजेन्द्र सिंह से थी। रहमान की कॉलेज श‍िक्षा की बात आयी तो उन्हें जबलपुर के राबर्टसन कॉलेज में पढ़ने के लिए भेज दिया गया। कॉलेज में एडमिशन के बाद रहमान के ठौर ठिकाने की बात आयी तो व्यौहार राजेन्द्र सिंह ने इसकी व्यवस्था जबलपुर के हनुमानताल वार्ड (साठ‍िया कुआं) में व्यौहार निवास पैलेस में कर दी। रहमान के साथ उस समय पीएल संतोषी (प्यारेलाल श्रीवास्तव/संतोषी) भी वहीं रहते थे। साथ रहते हुए दोनों की मित्रता हो गई। पीएल संतोषी को तो जबलपुर में उस समय मौका मिल गया था जब यहां एक फ‍िल्म की शूटिंग हो रही थी। फिल्म यूनिट को एक डॉयलाग अस्स‍िटेंट की ज़रूरत थी। संतोषी एक अच्छे लेखक थे और उन्होंने अपने दाय‍ित्व को भली भांति निभाया। इसके बाद संतोषी का फिल्म इंडस्ट्री में जाने की रुचि बढ़ी। रहमान की राबर्टसन कॉलेज की पढ़ाई के दौरान ही संतोषी किस्मत अजमाने बंबई चले गए।

रहमान को राबर्टसन कॉलेज में अध्ययन के दौरान हिन्दी भाषा और जबलपुर की तहज़ीब को जानने व समझने का मौका मिला। एक तरह से युवा रहमान के व्यक्त‍ित्व निर्माण, भावनाओं के वि‍कसित होने और आम जीवन को समझने में जबलपुर की भूमिका महत्वपूर्ण रही। रहमान ने जबलपुर में जीवन को समझा। बाद में रहमान के फिल्मी कैरियर में जबलपुर का वातावरण और यहां सीखी हुई बातें बहुत काम की सिद्ध हुईं।

रहमान राबर्टसन कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने के बाद पुणे चले गए। यहां 1942 में वे ट्रेंड पायलट बन कर रॉयल इंड‍ियन एअर फोर्स में चले गए लेकिन कुछ ही दिनों बाद फिल्म इंडस्ट्री के मोह के चलते वे बंबई चले गए। बंबई में रहमान फिल्म निर्देशक विश्राम बेडेकर के थर्ड अस्सिटेंट डायरेक्टर बन गए। बेडेकर ने ही एक फ‍िल्म में रहमान को छोटा सा रोल भी दिया। जबलपुर में हुई मित्रता के चलते पीएल संतोषी ने 1946 में प्रभात स्टूडियो की ‘हम एक हैं’ में देव आनंद के साथ रहमान को लिया। इस फिल्म से ही देव आनंद व रहमान दोनों खूब लोकप्रिय हुए। इसके बाद रहमान ने पीछे मुड़ कर नहीं देखा। अभिनय की सहज शैली के बावजूद, उन्होंने अपने अभिनय कौशल पर नियंत्रण बनाए रखा, जो उनके कुलीन स्वभाव के साथ मिलकर उन्हें अपने समय के अन्य अभिनेताओं से अलग बनाता था।

खि‍लंदड़, खांटी, जीवंत और वैचारिकी से मजबूत सीताराम सोनी ने नुक्कड़ नाटक और जनगीत को कैसे बनाया लोकप्रिय

  सीताराम सोनी जैसे खि‍लंदड़ , खांटी , जीवंत और वैचारिकी से मजबूत व्यक्ति के जीवन का पटाक्षेप ऐसा होगा इसके बारे में किसी ने कभी सोचा नहीं थ...