पहल संपादक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पहल संपादक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 5 फ़रवरी 2024

🔴समय की कोख से ही हमारी रचनाएं जन्म लेतीं: ज्ञानरंजन

बाँदा के बुद्धिजीवियों व कलाप्रेमियों द्वारा 2007 से प्रतिवर्ष प्रेमचंद स्मृति कथा  सम्मान हिंदी कथा में योगदान के लिए दिया जाता है। इस वर्ष का प्रेमचंद स्मृति कथा सम्मान पहल के संपादक व विख्यात कथाकार ज्ञानरंजन को उनके आजीवन कथा  व सम्पादकीय योगदान के लिए 4 फरवरी को बाँदा में प्रतीक फाउंडेशन के तत्वावधान में एक कार्यक्रम में प्रदान किया गया।

ज्ञानरंजन ने सम्मानित होने के बाद वक्तव्य दिया। जो इस प्रकार है-

प्रेमचंद स्मृति सम्मान के सदस्यों, मंच पर आसीन मित्रों और साथियों :

प्रेमचंद के बारे में कुछ तितरी बितरी, तिनका तिनका बातें शुरूआत में रखूँगा, इसलिए भी कि मेरे सम्मान के साथ इस महान कथाकार का नाम जुड़ा है।

000

सबसे पहले आपका ध्यान आकर्षित करूँगा कि मुंशी जी 1936 में दिवंगत हुए और संयोग से 1936 मेरा जन्म हुआ। हमारे पूर्वज बनारस के थे और मेरे स्व. पिता श्री रामनाथ सुमन की जयशंकर प्रसाद और प्रेमचंद से निकटता थी। मेरे पिता ने प्रेमचंद पर यत्र तत्र लिखा है, अपने संस्मरण में। जब मैं किशोर हुआ तो पिता की लाइब्रेरी में भटकते हुए मुझे उसमें प्रेमचंद का उपन्यास रंगभूमि मिला, जिसके भीतरी पृष्ठ पर लाल सियाही से प्रेमचंद का हस्ताक्षर था। बाद में शिवरानी देवी की किताब पढ़ने को मिली।

000

अभी लगभग तीन चार वर्ष पूर्व जापान से मेरे सहपाठी और अभिन्न मित्र का फ़ोन आया और उन्होंने अपने पास कवि रत्न मीर की (मेरे पिता द्वारा लिखी) एक अंतिम दुर्लभ प्रति होने की सूचना दी, जो मेरे पास नहीं थी और जिसे उन्होंने मुझे डाक से भेज दी। यह पुस्तक, पुस्तक-भण्डार लहेरिया सराय, बिहार से प्रकाशित थी, जो काफ़ी दिनों पहले बंद हो चुका है। दुर्भाग्य से हमारे इस संवाद के बाद लक्ष्मीधर का जापान में निधन हुआ। इस सजिल्द पुस्तक की भूमिका प्रेमचंद ने लिखी है और लगभग 75 वर्ष बाद कवि रत्न मीर का नया संस्करण ज्ञानपीठ ने छापा।

000

सोवियत लैण्ड पुरस्कार से जुड़ी सोवियत रूस की यात्रा में मुझसे कई बार यह सवाल पूछा गया कि आप की कहानियाँ किस तरह प्रेमचंद की परम्परा से जु़ड़ी हैं। मैंने इसका विस्तार से जवाब दिया है।

000

प्रेमचंद हमारे जीवन में कितने भीतर तक प्रवेश कर चुके हैं इसका एक रोचक किस्सा सुनिये। मेरी दादी सुखदेवी ने प्रेमचंद को समग्र कई कई बार पढ़ा था। उन्होंने किसी स्कूल या विद्यापीठ में पढ़ाई नहीं की थी पर प्रेमचंद की रचनाओं से वे दिलचस्प उद्धरण देती थीं। वे मेरी प्रिय थीं और हमारा परस्पर विनोदपूर्ण रिश्ता था। मैं उन्हें बूढ़ी काकी कहता था। वे भूख लगने पर तड़प उठती थीं, अपनी बहू यानी मेरी माँ पर शब्दबाण फेंकने लगती थीं। मेरे बाबा भोजपुरी बोलते थे और फारसी गणित के ज्ञाता थे। वे घर के बाहरी हिस्से में रहते थे और केवल भोजन के लिए आते थे। उनका जीवन ‘पूस की रात’ के हल्कू जैसा था। एक दिन वे ठिठुर ठिठुर के जाड़ों की रात में जलते हुए दिवंगत हो गये। वे सूखे पत्तों को इकट्ठा करके तापते थे।

000

प्रेमचंद प्रसंग अभी समाप्त नहीं है। कई दिलचस्प संयोग हैं। इसलिए भी कि हम सभी प्रेमचंद की रचनाकार संतानें हैं। प्रेमचंद ने कहानियाँ लिखीं; हमने भी उनकी परम्परा में कुछ कहानियों को जोड़ा। प्रेमचंद ने प्रगतिशील संगठन की मशाल जलाई, हमने कई दशक तक प्रलेसं के पदाधिकारी के रूप में संगठन को मजबूत बनाने का काम किया। प्रेमचंद ने सुप्रसिद्ध पत्रिका ‘हंस’ का अविस्मरणीय संपादन किया; हमने भी ‘पहल’ को चालीस वर्ष सम्पादित किया। जब ज्ञानपीठ ने मुझे हरिशंकर परसाई की रचनाओं का संकलन संपादन करने का दायित्व सौंपा तो मैंने उसका शीर्षक ‘प्रेमचंद के फटे जूते’ दिया। उसके अनेक संस्करण हुए हैं।

000

साथियों, उपरोक्त उदाहरण इसलिए ध्यान आकर्षित करने के योग्य हैं कि मैं एक लुम्पेन किशोर था। अपनी नौजवानी तक। और मैंने ‘तारामण्डल के नीचे एक आवारागर्द’ संस्मरण में इस बात को लिखा भी है। पर विचारधारा ने मुझे एक छोटे मोटे पर विश्वसनीय लेखक के रूप में स्वीकृति दी। पुरस्कार, सम्मान के मौक़े हमें यदा कदा छोटे मोटे जश्न करने की अनुमति देते हैं। मैं बांदा में अपने साथियों के इस जश्न में शामिल होकर ख़ुश हूँ। पश्चिमी भाषाओं की तरह हिन्दी में अपने लेखकों को सेलिब्रेट करने की प्रथा कुछ कम है। केवल पुरस्कारों से नहीं, हम दूसरे बहुत अन्य शानदार तरीक़ों से यह आयोजन अपने दूसरे अप्रतिम युवा लेखकों के लिए कर सकते हैं। यह मेरा सुझाव है।

000 

मेरी यह समझ है कि लेखक या किसी भी अन्य व्यक्ति के लिए उसका पिछला समय, उसका वर्तमान समय और उसका भावी समय बहुत अहमियत रखता है। इसमें हमारा परिवार, फिर शहर, फिर देश, फिर विश्व का समय शामिल है। समय की कोख से ही हमारी रचनाएँ जन्म लेती हैं। समय ही हमारी रचनात्मक बेचैनियों का सबब है। वह कभी हमें प्रफुल्ल करता है, कभी अधमरा। कभी वह हमारी ख़रीद फ़रोख़्त भी करता है। आज हमारा समय ख़रीद फ़रोख़्त से भरा है। इसी को हम बाज़ार भी कहते हैं। दुर्योग से मेरा प्रसव काल ख़त्म हो गया है, पर मैं समय का पीछा तो कर ही रहा हूँ। सरसरी तौर पर इसकी चर्चा करता हूँ। यह निरक्षरता का समय है। अगर रोग मानें तो इसे डिमेन्शिया और अलज़ाइमर का विस्फोटक समय भी कह सकते हैं।

000

मोटी मोटी बातें देखिये। देखिये कि रोज़ जो लिखा जा रहा है, बोला जा रहा है, उसमें झूठ का प्रतिशत कितना है। असंख्य झूठ आपके देखते-देखते सच्चाइयों में तब्दील हो रहे हैं, या हो चुके हैं। सबसे ख़तरनाक दो शब्द लगते हैं - नया और विकास। ये शब्द धूर्तता से भरे हैं। निरंतर धूल झोंकी जा रही है। नया शब्दकोश, नये संग्रहालय, नया पाठ्यक्रम, नई शिक्षा, नई सड़कें, नये शहर, नया यातायात। यह सूची अनंत है। पहले ज़मीनों पर कब्ज़ा होता था अब धर्म पर कब्ज़ा है। अतीतवादी लोग ही अतीत पर प्रहार कर रहे हैं। आलोचना देशद्रोह है। कड़वी चीज़ें बर्दाश्त नहीं। लड्डू और दीये हमारे सबसे बड़े चित्र हैं। कथा कहानी के घीसू माधव विकराल रूप में पुनर्जीवित हो गये हैं। जनता सियारों के झुण्ड में बदल चुकी है। कुछ अलग आवाज़ें अगर हैं तो यू ट्यूब में घुसड़ गई हैं या फ़ेस बुक में। फिराक़ साहब का मशहूर शेर जीवित हो गया है – ‘हमीं से काम चलाओ बड़ी उदास है रात’। मज़ा ये है कि हम इसमें ख़ुश हैं, सफ़ल हैं। मध्यवर्ग ने वास्तविक जनता को अदृश्य बना दिया है। जबकि मोटा मोटी यह समय की एक आउटर लाइन मात्र है। उसका कैरीकेचर। यह बालकृष्ण मुख का ब्रह्माण्ड नहीं है। मित्रों, इसीलिए मैं आग्रह करता हूँ आप सबसे, जो लिखते हैं, या पढ़ते हैं, या कुछ भी नहीं करते; उन्हें अपने समय के उजले-अंधेरे झरोखों में झाँकना चाहिए। इससे परिवर्तन हो या न हो तसल्ली मिलती है और आत्मरक्षा होती है। अगर हमारा समय हमें होशियार, चौकन्ना, बनावटी और काइयाँ बना रहा है तो हमें सावधान हो जाना चाहिए।

देवीप्रसाद मिश्र की एक ताज़ा कविता का नया जुमला है :  कि दो गुजराती देश को बेच रहे हैं और दो गुजराती देश को ख़रीद रहे हैं। दोस्तों यह केवल दो चार व्यक्तियों का प्रसंग नहीं है, इसके निहितार्थ गहरे और भयानक हैं। इसे व्यंग्य भी न समझें।

000

दोस्तों, मैं बार-बार ‘समय’ शब्द को रिपीट कर रहा हूँ। इसलिए कि समय विशाल, विकराल और जटिल है। मैं उसे एक दो उदाहरणों से कैसै परिभाषित करूँ...? पर, मुझे समय की शिला को चूर चूर करना है। जो भी चाहे शिला-लेख बना लेता है और उसे बदल देता है। इसलिए पहले मैं उसके टुकड़े करूँगा और फिर आगे बढ़ूँगा। एक टुकड़ा उदाहरण है हमारे समय का, जिसे राष्ट्रीयकरण बनाम निजीकरण कहते हैं। यह मामूली जुमला नहीं है। इसी में सारी दुनिया उलट-पलट हो रही है। यह संगीन यात्रा समय है। आप से आग्रह है मेरी यात्रा कहानी पढ़ें। आज का दृश्य देखें - गेट मीटिंग हो रही है... काली पट्टी पहनी जा रही है... पुराने नारों को शोर है…, क्रमशः ये शस्त्र बेकार हो चुके हैं। ये पाषाण-कालीन लगते हैं। पर मूर्ख राजनीति  इसकी व्यर्थता को बता नहीं पा रही है। यही समय है; दुभाग्यपूर्ण समय; सुनहरा समय नहीं। हरिशंकर परसाई की शैली में अगर मैं कहानी बनाऊँ वे वह ऐसी होगी :

आप कहते हैं कि हमारा यह सामान, हमारी यह सम्पत्ति ले लेंगे। वो कहते हैं कि नहीं लेंगे। ख़रीदने की उनकी शर्तें हैं। उनका कहना है कि पहले ढाँचे को उन्नत करो, या पुराना ढाँचा गिराओ और नया बनाओ। नई मशीनें लगाओ, बाहर से बुलाओ। श्रमिकों की छटनी करो; इनकी जनसंख्या ज़रूरत से अधिक है। ज़मीनें अधिग्रहीत करो। प्लेटफॉर्म बढ़ाओ, पटरियाँ बिछाओ, रेलगाड़ी के डब्बों को सुखद और शानदार करो, हर ओर वंदे वंदे चलाओ, ड्रेस कोड सुन्दर करो, प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट और एक्सलेरेटर लगाओ, उसे मॉल की तरह सजाओ, जहाँ यात्री आराम से परफ्यूम, पेस्ट्री, फ़ोटोफ्रेम और मदिरा ख़रीद सकें। सामान के बोझ के लिए ट्रालियाँ लगाओ, कुलियों को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। वे सभ्यता पर बदनुमा दाग़ हैं। उसके बाद हमारे संतुष्ट होने पर हस्तांतरण होगा।

एक भव्य समारोह में, एक देश प्रमुख और तमाम सी.ई.ओ. की हाज़िरी में  सजे हुए मंच पर आपके घर की एक विशाल काल्पनिक चाभी उन्हें सौंपी जायेगी और आपको घर के बाहर कर दिया जायेगा। आपका काम है ताली बजाना और ठुमरी गाना। यही है साथियों, राष्ट्रीयकरण और निजीकरण का समय।

000

बहुत सारे विविध उदाहरण दिये जा सकते हैं, मेरे साथियों; पर ऐसा करते जाने से समय असमय हो जायेगा।

000

हमारे समय की सबसे बड़ी दिक़्क़त यह है कि हमने अस्वीकार करना बंद कर दिया है। हमारी गोद स्वीकृतियों, उपहारों, फूल-फलों से भरी है। अभी मैं आपको कुछ उदाहरण दूँगा, लेखकों का, जिन्होंने अस्वीकृतियों के प्रतिमान बनाए।

000

अमेरिका के बारे में लोर्का कहते हैं  कि यह डरावना और शैतान है। यहाँ खो जाना लाज़िम है। यह देश संसार का सबसे बड़ा झूठ है। अर्नेस्ट हेमिंग्वे ने लिखा है - साहित्यिक न्यूयार्क टेपवर्म से भरी बोतल है  जिसमें वे एक-दूसरे को खाते रहते हैं। मार्क ट्वेन लिखते हैं कि बोस्टन में पूछा जाता है - आप कितने ज्ञानवान हैं? न्यूयार्क में पूछा जाता है कि - आपकी कूबत, क़ीमत क्या है?

000

एक अमरीकी लेखक लिखता है कि 6 करोड़ लोगों का यह शहर न्यूयार्क कौतूहल और संदिग्धता से भरा हुआ; यहाँ कोई लैण्डस्केप नहीं; सभी लैण्डमार्क हैं। इस शहर में कोई बूढ़ा नहीं होता। बूढ़े भी जवान हैं। यहाँ विपन्न को अतीत के डस्टबिन में डाल दिया जाता है।

000

एनरैण्ड के फाउंटेन हेड में मैंने जो पढ़ा था, आपको यथावत् कोट कर रहा हूँ : -

‘‘न्यूयार्क के डिटेल्स एकत्र करना असंभव है। वे इतने गडमड हैं कि उन्हें एकबारगी स्वतंत्र नहीं देखा जा सकता। न्यूयार्क की विवरणिका नहीं बनाई जा सकती। यह दुनिया भगवान से टकरा रही है। न्यूयार्क के आसमान पर मनुष्य निर्मित इच्छाएँ हैं। हमें और किस धर्म की ज़रूरत है।’’

000

मैंने लगभग एक दर्जन बड़े लेखकों के वाक्यों को एकत्र किया है जो शहरों के बारे में हैं। प्रसिद्ध शिल्पी जिसने चंडीगढ़ की परिकल्पना की थी, ने कहा कि स्काई क्रीपर्स धनोपार्जन की मशीनें हैं।

000

क्या हमारे यहाँ रचनाकारों, शिल्पियों और वास्तुकारों ने छोटे-बड़े, नये-पुराने किसी ने भी शहरों के बारे में - यानी विकास के ऐसे छायाचित्र और नक्शों के बारे में टिप्पणी की है? हमने घीसू-माधव द्वारा भेजी गई स्मार्ट योजनाओं का जम कर स्वागत किया और ठुमरी गाई। अब सब बदरंग हो चुका है और भ्रष्टाचार का सबब है। इसने वास्तविक जनता को देश से दूर ठेल दिया है। शहरीकरण की आंधी में कश्मीर से कन्याकुमारी तक प्राकृतिक सौन्दर्य के असंख्य चित्र लुप्त हो गये हैं। यह पहले से हो रहा था; मद्धम...मद्धम...! पर अब यह बुलेट की तेज़ी से हो रहा है।

000

हमारी राजधानी दिल्ली जो दुनिया की सर्वाधिक प्रदूषित नगरी है, राजसत्ता की मनमानी रोशनियों से धधक रही है। मुझे याद आता है मिर्ज़ा ग़ालिब और रामधारीसिंह दिनकर की कविता ने ही दिल्ली पर सवाल उठाए; पर यह सूची बहुत संक्षिप्त है। ग़ालिब के अशआर अभी भी धूमिल नहीं हुए और दिनकर की लम्बी कविता दिल्ली को लोग भूल गये। ये सब मैं आपको इसलिए बता रहा हूँ  क्योंकि ये हमारे समय के सवाल हैं। और शुरू में मैंने कहा था कि एक लेखक को अपने समय की पड़ताल करनी चाहिए। अपने गुज़श्ता, वर्तमान और भावी समय की पहचान करनी चाहिए। यह हमारे लेखन का एक अनिवार्य हिस्सा है। क्या हम चौकन्नापन, काइयाँपन और कृत्रिमताओं को देख रहे हैं। शास्ता के मुक़ाबिले शासित जनता ज़ादा अपराधी है।

000

पुरस्कृत व्यक्ति थोड़ा वाचाल हो जाता है; इसलिए मैंने कुछ अधिक कहा। मैं इतना बड़ा लेखक नहीं हूँ कि पुरस्कार को आलू का बोरा कह कर इतिश्री कर सकूँ।

000

बहरहाल, जो व्यक्ति  जिन शीर्षकों के अन्तर्गत पुरस्कृत हुआ है  उसे आलोचक या अध्यापक की तरह नहीं बोलना चाहिए। उसका क्षेत्रफल ही अलग है। वह अपनी कहानियों से उत्पन्न दुनिया, जिसमें आप सब शामिल हैं, नये अन्वेषण करेगा। वह अपनी कहानियों में बार-बार लौट सकता है। क्योंकि कहानियाँ मरती या समाप्त नहीं हो जातीं। वे नये गलियारे बना सकती हैं। मुझे आपको एक उदाहरण देना है। इलाहाबाद कॉफ़ी हाउस में उन दिनों हमारा अड्डा था। अलग टेबुल पर बैठने वाले आलोचक विजयदेव नारायण साही याद आते हैं। संयोग से यह उनका जन्मशती वर्ष भी है। साही जी जबलपुर परसाई जी से मिलने आये थे। बारिश हो रही थी। हम एक रिक्शे पर बैठ कर बतिया रहे थे। कॉफ़ी हाउस में हम दोनों ने कभी एक टेबुल शेयर नहीं किया, पर यहाँ हम एक रिक्शे पर थे। साही जी ने कहा - ज्ञान तुम्हारी कहानी ‘बहिर्गमन’ अभी बची है, ख़त्म नहीं हुई है। मेरा सुझाव है कि जहाँ ‘बहिर्गमन’ समाप्त होती है, उसके आगे उसका दूसरा भाग लिखो। ‘मनोहर’ का परदेस में क्या हुआ, वह लौटा या मर गया। कुल मिला कर उसके बकाया जीवन का क्या हुआ। दूसरा भाग इस अंधकार को फाड़ने वाली कहानी हो सकती है। ‘बहिगर्मन’ का दूसरा हिस्सा मैंने लिखने की कोशिश की, पर बात बनी नहीं। मेरे पास मृत संजीवनी सुरा नहीं थी या हनुमान जी वाली बूटी, जो कहानी को फिर से जीवित कर पाती। मैं काहिल भी हूँ, संभवतः आलस्य इस काम में बाधा बना हो। जो भी हो अब मैं आपके सामने हूँ।

000

लम्बे वक्तव्य से बचते हुए अंत में, दोस्तों, मेरा मानना है कि आपने मुझे पुरस्कृत किया, इससे साबित होता है कि आपको पुरानी दुनिया नापसंद नहीं है। संभव है कि आप यह भी मानते हों कि विकास की वर्तमान अवधारणा एक छद्म अवधारणा है। वाल्टर बैंजामिन भी अपनी समीक्षा में लगभग यही निष्कर्ष निकालते हैं। हमने पश्चिम की नक़ल करते हुए उसका आवरण सनातन बनाने का प्रयास किया है। अगर पुरानी दुनिया से हमें आगामी दुनिया में आना ही है  तो हमारे स्वप्न, हमारे आग्रह, हमारी कामनाएँ भिन्न होंगी। पुराने से हमारा तात्पर्य यह नहीं है कि हम लालटेन की वापसी चाहते हैं। - ज्ञानरंजन 🔷

बुधवार, 18 मई 2022

धार्मिक आस्थाएँ एवं मिथक प्रकृति को नष्ट कर रहे हैं-ज्ञानरंजन

 (17 मई 2022 को रानी दुर्गावती संग्रहालय जबलपुर की कला वीथ‍िका में ‘कदम’ संस्था के आयोजन में पहल के संपादक ज्ञानरंजन का दिया गया व्याख्यान)


श्रोताओं, जब मैं आपके सामने अपने छोटे वक्तव्य की शुरुवात करने जा रहा हूँ, एक सूचना देना चाहूँगा कि दुनिया की एक तिहाई मिट्टी दूषित और खराब हो चुकी है। क़दम संस्था के निर्माता योगेश गनोरे जी के लम्बे और निरन्तर आग्रह के बाद बहुत संकोच के साथ आज मैं यहाँ उपस्थित हूँ। याद नहीं कितने सालों बाद आज यह संक्षिप्त व्याख्यान देने जा रहा हूँ। मैं देश दुनिया के पर्यावरण के लोकप्रिय सूत्रों को आपके समक्ष रखना चाहता हूँ। यहाँ यश-गाथा, आलोचना और समीक्षाओं के साथ क़दम की लम्बी यात्रा के दौर को देखा जा सकता है। इसमें एक दिग्दर्शन भी है। यह देखना ज़रूरी है कि क़दम के घनीभूत क्रियाकलापों में, आत्मीय आंदोलन, पर्यावरण प्रेम, प्रकृति से संवाद के बीच बौद्धिक जागरण और चेतना की कोई भूमिका है कि नहीं। कहीं चले जा रहे हैं, केवल चले जा रहे हैं, इस हवा में यांत्रिकता तो नहीं उभर रही है? ज़रूरत है कि समय के आयने में अपने समर्पण को भी देखें।

बंधुओं, जब आप अपनी सोद्देश्य दिनचर्या में डूबे रहते हैं, स्वप्न देखते हैं, तल्लीन और मशगूल रहते हैं तो यह एक स्थानीय हरक़त और समाचार होता है। पौधा ब्रह्माण्ड से जुड़ा है और विश्वदृष्टि विकसित करने के लिए प्रेरित करता है। इस जबलपुर शहर में पौधे से जुड़ा क़दम का कार्य-व्यापार है। वह घट रहा है या बढ़ रहा है, इसे देखिये। क़दम के सदस्यों, भक्तगणों, कार्यकर्त्ताओं, परिवार जनों, स्कूली बच्चों और जन्मदिन को पौधारोपण से यादगार बनाने वाले अनाम साथियों - आप पौधा लगा रहे हैं, दीपक जला रहे हैं, आप मोमबत्तियां लेकर चल पड़े हैं। आपका काम क़ीमती, आदर्शों से भरा, स्थानीय और आत्मजयी है। इस अवसर पर थोड़ा अगल बगल, आगे पीछे भी देखते चलें। अपने ही देश में अभी चार-पाँच दशक पूर्व दक्षिण के क़ीमती चंदन के जंगल तस्करी की भेंट चढ़ गये। वीरप्पन को घेरा नहीं जा सका। उसके मरणोपरान्त भी सिलसिला चला हुआ है। पाखण्ड देखिये कि अब मध्यप्रदेश में सत्ता चंदन के जंगल लगायेगी। इसी इलाके में हाथीदांत की तस्करी भी हुई और हज़ारों हाथियों की हत्या होती रही।  इसलिए मुझे एक अनाम कवि की कुछ पंक्तियाँ याद आ रही हैं - केवल दो चार पंक्तियाँ सुनें -

आज  जो  अंकुर है

कल वही पौधा होगा

और   परसों   वही

बाज़ार का सौदा होगा

पेड़ अखिल विश्व के काला बाज़ारों में खप रहे हैं। कहानी नई नहीं पुरानी है और हालत गंभीर हैं। आप एक पौधा लगाते हैं, सारी शक्ति झोंक देते हैं, समूची दुनिया एकत्र हो जाती है और दूसरी तरफ सौ वृक्ष कट जाते हैं। यह सच्चाई आपको निराश करने, हताश करने के लिए नहीं बता रहा हूँ, दिमाग़ी तौर पर मज़बूत बनाने की कोशिश कर रहा हूँ।

दोस्तों, संसार से करोड़ों ज़रूरी चीज़ें लुप्त हो गईं, हर दिन हो रही हैं। इनमें क़ीमती चीज़ें और व्यर्थ की चीज़ें भी होती हैं। इन क़ीमती चीज़ों का पुनर्जन्म नहीं होगा। ये मनुस्मृति के दायरे से बाहर होंगी। ये हमारा ही करिश्मा है। हमारी धार्मिक आस्थाएँ एवं मिथक हैं। ये आस्थाएँ  पहाड़ों, जंगलों, नदियों को; मूलतः प्रकृति को ही नष्ट कर रही हैं। आत्महत्याओं को हमारी उन्मादी जनता आस्था कहती है। प्राचीन आस्थाओं में वृक्ष भी बचता था और जीवन भी। अब आस्था मग़रूर लोगों, शास्ताओं का हथियार है। मतलब आदमी वैचारिक भ्रष्ट है तो वृक्ष नहीं बचेंगे।

मैं अपनी मुख्य शुरूवात, दो कविताओं के पाठ से करूँगा। पहली कविता सुप्रसिद्ध कवि नरेश सक्सेना की है और दूसरी राजस्थानी कवि विनोद पदरज की; जिनकी कविताएँ इसी सभागार में क़दम के तत्वावधान में पढ़ी गईं थीं। नरेश सक्सेना की कविता का शीर्षक है - ‘एक वृक्ष भी बचा रहे’ और विनोद पदरज की कविता - ‘सौ पेड़ों के नाम’ का । इन कविताओं का सीधा सम्बन्ध क़दम के उद्देश्यों से है। लेकिन इन कविताओं ने पर्यावरण पर विश्वदृष्टि फेंकी है और ये हमें अपने कार्यों को संसार के बड़े विमर्शों से जोड़ती हैं। सुनिये -

अंतिम समय में जब कोई नहीं जायेगा साथ

एक वृक्ष ही जायेगा

अपनी चिड़ियों-गिलहरियों से बिछुड़कर

साथ जायेगा एक वृक्ष

अग्नि में प्रवेश करेगा वही मुझसे पहले

 

‘कितनी लकड़ी लगेगी’

श्मशान की टाल वाला पूछेगा

ग़रीब से ग़रीब से ग़रीब भी सात मन तो लेता ही है

 

लिखता हूँ अंतिम इच्छाओं में

कि बिजली के दाहघर में हो मेरा संस्कार

ताकि मेरे बाद

एक बेटे और बेटी के साथ

एक वृक्ष भी बचा रहे संसार में।

दोस्तों, संदेश है कि जब तक रूढ़ियाँ नहीं टूटेंगी, हमारे लक्ष्य पूरे नहीं होंगे। बिजली के दाहघर पर इस हिन्दू देश में क्यों ताले पड़े हैं; यह हमारे समग्र दायित्व-बोध का हिस्सा है।

विनोद पदरज की कविता :- ‘सौ पेड़ों के नाम’ -

साढ़ बीत जाता था

पुरवा नहीं चलती थी

बरखा नहीं होती थी

तो अपनी सांवली चट्टान जैसी पीठ

बीजणी की डण्डी से खुजाते

बाबा कहते थे

सौ पेड़ों का नाम लो

पुरवा चलेगी  बरखा आएगी

 

पर मुझको तो याद नहीं थे

सौ पेड़ों के नाम

आम  पीपल  बड़

शीशम और पलाश

खैर  खिरणी  धौंक

नीम  बबूल  अमलतास

फिर मैं चुप हो जाता था

बड़े भाई कुछ और नाम जोड़ते थे

काका कुछ और

अंततः बाबा ही

सौ पेड़ों के नाम लेते थे एक सांस में

पुरवा चलने लगती थी

बरखा होने लगती थी अटाटूट

ताल तलैया भर जाते थे

खेत तरबतर हो जाते थे

 

बाबा चले गये

और किसी को याद नहीं सौ पेड़ों के नाम

जितने नाम हम लेते हैं

उतनी सी बरखा होती है।

आप सभी को याद होगी अपने बचपन की जब लाखों बच्चे ‘आती-पाती’, ‘आम की पाती’ का खेल खेलते थे और वनस्पतियों के प्रति प्रेम शुरू से पुष्ट होता था।

संदेश देखें कि स्मृति-लोप, पर्यावरण के सवाल और क्रिया-कलापों में शुद्धता गार्ड करना कितना ज़रूरी है। गार्ड लठैत नहीं करते, हमारा विवेक करता है। कहीं ऐसा तो नहीं कि हमारे मंच पर घुसपैठ है और एक चतुर व्यापारी कविता पढ़ जाता है।

बहरहाल, कविता में एक शोक है, अतीत का लोप है और उसके दुष्परिणाम। क्या क़दम के उद्देश्यों के बीच यह ऐतिहासिक गतिरोध नहीं है? कविता अपना आत्मलोचन भी करती है।

दोस्तों, आइये देखें कि हमारी दुनिया में क्या हो रहा है। बीसवीं सदी के बाद अब इक्कीसवीं सदी में सत्ता, राजनीति, समाज, संस्कृति, पर्यावरण और शक्ति की संरचनाओं के सम्मुख मनुष्य की नियति से जुड़े जो कठिन प्रश्न उठे हैं  उनका सामना कठिन हो गया है।

हमारे समय में करोड़ों चीज़ें गायब हो रही हैं। यह चोरी नहीं सभ्यता पर डकैती है। क्योंकि गायब होने की गति तूफानी है। यह कैसा समय है कि जल्लाद आनंद से झूम रहे हैं। मैना के पंख गायब हो गये हैं। जूते हैं  पर पैर नहीं। सरगोशियाँ हैं पर स्पंदन नहीं। बीस लाख लोगों के इस शहर में एक अकेला पौधा जूझ रहा है। मित्रों, समय बहुत दुष्ट चीज़ है, आसानी से पकड़ में नहीं आता। महाभारत में यक्ष युधिष्ठिर से पूछता है कि दुनिया में सबसे मूल्यवान क्या है? युधिष्ठिर का उत्तर है - समय। और यही समय हमारी हथेलियों से रेत की तरह झर रहा है। पौधों में जो मिट्टी हम डाल रहे हैं वह कितनी आर्गेनिक (जैविक) है  हम नहीं जानते। जगह जगह की मिट्टी, पानी बदल जाते हैं, इसलिए पहचान कठिन है।

करोड़ों चीज़ें गायब हैं और हम याद करें तो सौ दो सौ चीज़ें याद रह गयी हैं। तितलियाँ गायब हैं, जुगनू नहीं दीखते, गौरैय्या गायब है और कव्वे। गुल्लक गायब है और वीणा। अमेज़ान के जंगल कम हो गये, ब्राजील के जंगल जल गये। मनुष्य मात्र एक फेंफड़ा लेकर जीवित है। बांसुरी गायब है और कदम्ब का पेड़। सारंगी गायब है और सुरपराग। लाहुल स्पिति में बारिश नहीं होती। नैनीताल गेठिया से तीस मील दूर झरने की आवाज़ आती थी। सन्नाटे गायब हैं, शोर भरपूर है। काली घनी रातें दिखाई नहीं देतीं, आकाश बदल गये हैं। स्मृति लोप इतना है कि मुझे तीन जगह 17 तारीख दर्ज़ करनी पड़ी। और ट्रैफिक जैम इतना है कि घड़ियाँ बेकार हो गईं। भवानी भाई के ‘सतपुड़ा के घने जंगल’ वैसे नहीं रह गये। हरी घाटी गायब है। नीलगिरि गंजी हो गयी और सुंदरबन में अब सुंदर नहीं बचा। दण्डकारण्य में अब बारूद की गंध भर गई है। इसी शहर के कथाकार तरुण भटनागर के उपन्यासों से पता चलता है कि जब तक जंगल जंगलियों के पास था, सुरक्षित था अब नये नागरिक आप हैं, जंगलों का नया रजिस्टर लेकर तबाह करने।

मैं आपको वृक्षों के आयाम और त्रासदी के उदाहरण दे रहा हूँ। क्योंकि सरस्वती लुप्त हुई तो वाटर-वर्ल्ड आने ही थे। शहनाई गायब हो रही है तो डी जे विकल्प बना। हमारी आस्थाओं ने विकृतियों को जन्म दिया है। पता नहीं किन ओस की बूंदों से नहाई दूबों से पूजा पाठ हो रहा है। ऐसा नहीं कि पेड़ों को बचाने के सकारात्मक आन्दोलनकारी क़दम नहीं उठे। उठे पर पैर तोड़ दिये गये। उत्तराखण्ड के जंगलों को बचाने के लिए सौ साल से कोशिश हुई। चिपको आंदोलन हम भूले नहीं। हज़ारों मर्द औरतें पेड़ों का आलिंगन कर अड़े रहे, लेकिन यात्राओं ने, विकास की अंधी अवधारणाओं ने पेड़ काट डाले। आजीवन उपवास करने वाले मर गये। इतिहास में तो दर्ज  है पर प्रेरणाओं में नहीं, शिक्षा में नहीं। उत्तराखण्ड के पहाड़ दरक गये, झरने कुपथगामी हो गये। गांव गायब हो गये, लेकिन वृक्षों की कटाई का विकास नहीं थमा।

साथियों, अगर वृक्ष नहीं कटेगा तो सभ्यताओं का रंग रोगन कहाँ से आयेगा। टिम्बर, वार्निश, पालिश कैसे बनेगी? ये सवाल बहुत सारे लोगों से बार बार पूछे जाने चाहिए। इन सवालों को उठाया जाना ही उनके उत्तर पाने एवं समाधान ढूढ़ने की दिशा में पहला क़दम होगा। ज़रूरी यह है कि ये सवाल उठाये जायें हर मंच से क्योंकि सारे समाधान और विकल्प अंततः इन्हीं के बीच से निकलकर आएंगे। हमारी दुनिया विकल्पहीन नहीं है, पर उस तक पहुँचने के लिए कठोर क़दम उठाने होंगे। समग्र दायित्वबोध एक चुनौती है; इसमें एक नहीं असंख्य चुनौतियाँ शामिल हैं। इन्हें दिमाग के दर्पण में देखें और विमर्श करें। छोटे-छोटे समूह बनायें और क़दम बढ़ाएं। अन्यथा रासायनिक कूड़े से कितनी मछलियाँ मारी जायेंगी, कितनी जलधाराएँ अपवित्र होंगी, कितने वन उजाड़ होंगे, हमें इसका डेटा नहीं पता चलेगा।

यह उचित है कि रथ हम सब मिलकर खींचें। इसी को समग्र दायित्वबोध कहेंगे। लेकिन हर व्यक्ति की विधा भिन्न है, उसकी रचनात्मक शैलियाँ भिन्न हैं। हिन्दी पट्टी में पहला महत्त्वपूर्ण उपन्यास वीरेन्द्र कुमार जैन का था - ‘डूब’। जिन्होंने हरियाली पर, नागरिक बसाहट पर विकास के बुल्डोजर का मार्मिक चित्रण किया। इसके बाद टिहरी की डूब हमारे इतिहास में दर्ज़ है; इसकी महान औपन्यासिक रचना विद्यासागर नौटियाल ने की। नर्मदा बचाओ आंदोलन भी लम्बा खिंचा, पर असफल हुआ। उसे प्रेमशंकर रघुवंशी ने अपनी लम्बी कविता में गुंजित किया। कई बार आंदोलन असफल होते हैं। बड़े बांधों ने नदियों का चरित्र बदल दिया; उन्हें जलाशयों में बदल दिया। हमारे शहर में हज़ारों गाँच, बरगी की डूब में आये। इसे लोग भूल गये और नये सौन्दर्य, सैर-सपाटे में व्यस्त हो गये। कृतघ्न जातियों का यही हश्र होता है, वे प्रकृति विनाश का जश्न मनाती हैं। हाल ही में बुलेट ट्रेन की कल्पना हमारा नया आघात था। पेड़ों की गणना नहीं कर सकते जो काटे गये। वह तो मुम्बई में आरे के जंगल बचाने का जबरदस्त जन-आंदोलन हुआ और कुछ बचा। हमारे संसार में यह सब घटित हो रहा है  तो आपको उसे देखना होगा। यही समग्र आत्मबोध की परिकल्पना है। हमारे देश में एक प्राचीन मिथक है। जब सृष्टि डूब रही थी, जल प्रलय के दिन, तब वट का एक पत्ता जल के ऊपर बचा रहा। विश्वास है कि वही सृष्टि को बचायेगा। यह वृक्ष प्रयाग में संगम के किनारे है, जो अब किले के भीतर है। सेना के और रिजर्व र्बैंक के कब्ज़े में। नहीं तो लोग उसका पूजा पाठ शुरू कर देते और महान मिथक को निरर्थक बना देते।

हमारे शहर में क़दम संस्था एक वृक्ष की शक्ल ले रही है, उसकी शाखाएँ कई स्थानों पर तैयार हो रही हैं। मुहावरे में कहें तो, ‘जितनी शाखाएँ उतने पेड़’। क़दम की तस्वीर अभी तो सुन्दर है। कभी-कभी तस्वीरें और छवियां एक व्यक्ति के जीवन में दूर भविष्य तक जीवित रह सकती हैं।

लेकिन जब विस्तार होता है तो भीड़ सदस्य बनने लगती है। चेतना मंद होने लगती है। उद्देश्य की पवित्रता सफलताओं के आगे सोने लगती है। सुख मिलने लगता है। आप जो क़दम के नियंता हैं, योजनाकार हैं, बलिदानी हैं, संगतकार हैं  कैसे देखेंगे कि मात्र श्रेय लेने वाले भी तो आपके आंगन के चारों तरफ नहीं मंडरा रहे हैं।

बहरहाल, आप जिस सीढ़ी पर हैं  वहाँ से भविष्य को देखने के लिए गजानन माधव मुक्तिबोध की कुछ सुनहरी पंक्तियों का उदाहरण दूंगा ताकि कविता से शुरू होकर कवि के बयान पर ही अंत हो -

‘‘वीरान मैदान, अंधेरी रात, खोया हुआ रास्ता, हाथ में एक पीली मद्धम लालटेन। यह लालटेन समूचे पथ को पहले से उद्घाटित करने में असमर्थ है। केवल थोड़ी सी जगह पर ही उसका प्रकाश है। ज्यों ज्यों वह क़दम बढ़ाता जायेगा, थोड़ा थोड़ा उद्घाटन होता जायेगा। चलने वाला पहले से नहीं जानता कि क्या उद्घाटित होगा। उसे अपनी पीली मद्धम लालटेन का ही सहारा है। वह शुरू में यह भी नहीं बता सकता कि रास्ता किस ओर घूमेगा और किन किन वास्वतिकताओं का सामना करना पड़ेगा।’’

आपके लिए अपने पथ पर बढ़ते जाने का काम ही महत्त्वपूर्ण है। यही आपका प्राप्य है, यही आपकी खोज है। यही आपका आत्मसंघर्ष है।?

विश्वास है मेरे मंतव्य को, इशारों को आप लोगों ने ग्रहण किया होगा।


खि‍लंदड़, खांटी, जीवंत और वैचारिकी से मजबूत सीताराम सोनी ने नुक्कड़ नाटक और जनगीत को कैसे बनाया लोकप्रिय

  सीताराम सोनी जैसे खि‍लंदड़ , खांटी , जीवंत और वैचारिकी से मजबूत व्यक्ति के जीवन का पटाक्षेप ऐसा होगा इसके बारे में किसी ने कभी सोचा नहीं थ...