बुधवार, 18 मई 2022

44 वर्ष पहले डॉन और जबलपुर की विनीत टॉकीज

विनीत टॉकीज का ले आउट 
जबलपुर की नई पीढ़ी विनीत टॉकीज नाम को नहीं जानती। पुराने लोगों की याद में अभी भी विनीत टॉकीज है। करमचंद चौक से नौदराब्रिज जाने वाली सड़क में बाएं ओर विनीत टॉकीज मौजूद थी। टॉकीज अब एक व्यावसाय‍िक काम्पलेक्स में परिवर्तित हो गई। मुझ जैसे लोगों के लिए विनीत टॉकीज इसलिए महत्वपूर्ण है कि आज से 44 वर्ष पूर्व जब मैं 10 वर्ष का था, तब  विनीत टॉकीज में डॉन फिल्म देखी थी। आज 13 मई से एक दिन पहले यानी कि 12 मई 1978 को डॉन फिल्म रिलीज हुई थी। तब जबलपुर में हिन्दी फिल्म एक सप्ताह बाद रिलीज होती थी, लेकिन डॉन ऑल इंडिया रिलीज के साथ विनीत टॉकीज में लगी थी। 

12 मई 1978 को एक नए निर्देशक की फ़िल्म ‘डॉन’ आयी। किसी को अंदाज़ा नहीं था कि ये एक फ़िल्म इस निर्देशक को हमेशा के लिए मशहूर कर देगी। ना ही कोई ये जानता था कि वो इसके बाद कभी भी  इस कामयाबी को दोहरा नहीं पाएंगे। अमिताभ बच्चन ने भी उस दौर में इस फ़िल्म को चुनकर बाकायदा एक रिस्क लिया था। वो नए निर्देशक मनोज कुमार के सहायक थे। जाने माने छायाकार नरीमन ईरानी ने फ़िल्म को प्रोड्यूस किया था। इस फ़िल्म की योजना ‘रोटी कपड़ा और मकान’ की शूटिंग के दौरान बनी थी। जिसके छायाकार नरीमन ईरानी ही थे। उन दिनों ईरानी साहब काफी निराश थे। क़र्ज़ चढ़ा हुआ था। ये फ़िल्म असल मे नरीमन ईरानी को उनकी पिछली फिल्म ‘ज़िंदगी ज़िंदगी’ के पिटने से आये आर्थिक संकट से उबर पाएं। सलीम-जावेद के पास एक स्क्रिप्ट थी जिसे कई प्रोड्यूसर ठुकरा चुके थे। अमिताभ, ज़ीनत, इफ्तेखार सभी ख़ुशी ख़ुशी इस प्रोजेक्ट में अपना सहयोग देने को राजी हो गए। पर नरीमन ईरानी फ़िल्म की कामयाबी को देखने को ज़िंदा नहीं रह पाए। शूट के दौरान एक दीवार गिरने से उनकी मौत हो गयी। और भी तमाम किस्से हैं इस फ़िल्म के। महान फिल्में ऐसे अपने पीछे कहानियां छोड़ जाती हैं। वो नये निर्देशक थे चंद्रा बारोट। फ़िल्म थी ‘डॉन’..जिसकी गिरफ्त से हम आज तक बाहर नहीं आ पाए। आज भी जहां कहीं ये फ़िल्म चलती नज़र आती है, हम अटक जाते हैं। देखी हुई फिल्मों को दोबारा देखने की चाहत का मनोविज्ञान क्या होता होगा।

विनीत टॉकीज जबलपुर की पुरानी टॉकीजों में से थी। 26 मार्च 1963 को इसके उद्घाटन के समय देव आनंद की 'असली नकली' लगी थी। विनीत टॉकीज के मालिक शिखर चंद जैन थे। इस परिवार का सिनेमा के व्यवसाय से लगभग 100 वर्ष पुराना संबंध है। इस परिवार ने जबलपुर की सेंट्रल टॉकीज का संचालन किया है। यह टॉकीज बाद में पंचशील टॉकीज के नाम से जानी गई। शिखर चंद जैन के मामा की रायपुर में बाबूलाल टॉकीज प्रसिद्ध रही है।

जबलपुर की विनीत टॉकीज की एक खासियत यहां मराठी फिल्मों का प्रदर्शन रहा। यह उस समय जबलपुर का एकमात्र सिनेमाघर था जहां मराठी भाषा की फिल्म सुबह के शो में लगती थी। इसलिए जबलपुर के मराठी समाज का इस टॉकीज से अपनत्व रहा। वर्ष 1991 में 'माहेरची साड़ी' चार शो में विनीत टॉकीज में सफलता के साथ चली थी। जबलपुर के सिनेमा इतिहास में यह पहला मौका था जब हिन्दी के अलावा अन्य दूसरी भारतीय भाषा की फिल्म चार शो में लगी थी।

राजेश खन्ना की कटी पतंग विनीत टॉकीज में हुई थी रिलीज 

विनीत टॉकीज की विशेषता इसकी लेडिज क्लॉस रही है। बालकनी को विभक्त कर एक्सक्लूसिव लेडिज क्लॉस बनाया गया था। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बुकिंग से ले कर इंट्री तक की व्यवस्था बिल्कुल अलग से रखी गई थी। विनीत टॉकीज में राज कपूर की 'मेरा नाम जोकर' और दिलीप कुमार की 'मुगले आजम' जैसी फिल्में शान से चलीं। 

वर्ष 2002 में सिंगल स्क्रीन वाली विनीत टॉकीज का अध्याय समाप्त हो गया लेकिन विनीत टॉकीज के भीतर पान कीराज दुकान वाले चूरामन शिवहरे का विनीत टॉकीज से ऐसा मोह रहा कि उनकी पान की दुकान आज भी विनीत टॉकीज के गेट के बाजू में मौजूद है। अब उनके पुत्र गजानंद गज्जू इस दुकान को चलाते हैं और पुरानी यादों में खो जाते हैं।(डॉन फिल्म की जानकारी के लिए विव‍िध भारती के यूनुस खान को आभार)

कोई टिप्पणी नहीं:

🔴इतिहास के कुहासे की परतों में ओझल होता ब्लेगडान

6 फरवरी 2024 को सुबह कोहरे की मोटी परत के बीच अचानक रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के सामने दायीं ओर निगाह गई तो देखा कि शहर के एक नामच...